नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में एक निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत ढहने की घटना की बृहस्पतिवार को जांच के आदेश दिए, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए।
इसके साथ ही उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने घटना के सिलसिले में संबंधित कनिष्ठ अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) को तुरंत निलंबित करने का भी आदेश दिया।
उन्होंने अधिकारियों को घायलों का सर्वोत्तम संभव इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल अनुग्रह राशि प्रदान करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 9:50 बजे चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के पास गली शाहतारा में इमारत ढह गई।
एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) की बचाव टीम ने मलबे से दो शव निकाले, जबकि दमकल विभाग की टीमों के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों द्वारा चार घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है, उन्होंने बताया कि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
नगर निगम (एमसीडी) के एक अधिकारी ने बताया कि करीब 15 दिन पहले इमारत का निर्माण कार्य रोक दिया गया था।
अधिकारी ने कहा कि जब ढांचा ढह गया, उस समय मजदूर छत के नीचे से सपोर्ट सिस्टम हटा रहे थे।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इस्तेमाल की गई सामग्री गैर-इंजीनियर्ड थी और ठीक से सेट नहीं हुई थी, जिसके कारण आखिरकार इमारत ढह गई।’’
अग्निशमन इकाइयों सहित कई टीमें बचाव अभियान में जुटी हैं।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा