नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को अरुणाचल प्रदेश, चंडीगढ़, दादरा और नगर हवेली एवं दमन एवं दीव, मिजोरम, ओडिशा तथा सिक्किम में मतदाता सूचियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) की घोषणा की।
इस पुनरीक्षण का उद्देश्य पात्र मतदाताओं, विशेष रूप से युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना है। इसके अलावा, एक अप्रैल, एक जुलाई और एक अक्टूबर, 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा भी इस प्रक्रिया के तहत दी जाएगी।
आयोग के अनुसार, मतदाता सूचियों का प्रारूप 30 नवंबर को प्रकाशित किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 21 जनवरी 2027 को होगा।
निर्वाचन आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को इस प्रक्रिया के लिए पर्याप्त कर्मचारियों और संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
भाषा हक नरेश
नरेश