जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान के नागौर जिले में बृहस्पतिवार सुबह पटाखा बनाने वाली एक फैक्टरी में विस्फोट होने से दो श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। यह हादसा बादली इलाके में स्थित फैक्टरी परिसर में हुआ। अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, फैक्टरी में कथित तौर पर विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल कर पटाखे बनाए जा रहे थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान मोहम्मद आमिर (28) और उनके चचेरे भाई मुजीद (32) के रूप में की है।
नागौर के तहसीलदार नरसिंह ने बताया कि विस्फोट के समय फैक्टरी में चार श्रमिक मौजूद थे, इनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया गया।
घटना के बाद पुलिस ने फैक्टरी परिसर के आसपास घेराबंदी कर दी और लोगों की आवाजाही रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया। वहीं, अपराध विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम ने गोदाम से रसायनों और पोटेशियम नाइट्रेट के नमूने एकत्र किए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोदाम का मालिक अमीन है। उसके पास पटाखों के भंडारण का स्थायी लाइसेंस है। हालांकि, अधिकारी अभी यह पता नहीं लगा पाए हैं कि गोदाम में कितनी मात्रा में विस्फोटक सामग्री रखी गई थी और क्या वहां बिना अनुमति पटाखे बनाए जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि विस्फोट के कारणों और फैक्टरी में सुरक्षा एवं लाइसेंस संबंधी नियमों के पालन की जांच की जा रही है।
भाषा बाकोलिया मनीषा रंजन
रंजन