Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

जयपुर में कार ने मोटरसाइकिल और स्कूटी को मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, तीन घायल

जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) जयपुर के आमेर घाटी इलाके में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हादसा आमेर थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुआ। पुलिस ने बताया कि कार आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही थी, इस दौरान उसने पहले आमेर मावठे के पास सेल्फी प्वाइंट पर एक स्कूटी को टक्कर मारी और फिर आमेर घाटी में एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। पुलिस ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और मोटरसाकिल सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।

आमेर के सहायक पुलिस आयुक्त प्रतीक सिंह ने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार रामगंज निवासी शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की मौके पर ही मौत हो गई। सिंह ने बताया कि स्कूटी सवार आमेर निवासी साहिल (25) ने बृहस्पतिवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

उन्होंने बताया कि हादसे में कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण घायल हो गए और तीनों को उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।

सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे, जो कथित तौर पर नशे में थे।

आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि हादसे के बाद कार सवार तीनों आरोपी भागने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि एक आरोपी फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

गोदारा ने बताया कि अयान (25) और सागर सोलंकी (25) को हिरासत में लिया है और दोनों से पूछताछ की जा रही है।

भाषा बाकोलिया मनीषा अमित

अमित