Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

बसपा सरकार ही गरीबों को दे सकती है न्याय, सुरक्षा और सम्मान : बसपा

लखनऊ, पांच नवंबर (भाषा) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने बृहस्पतिवार को आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को बेहद महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि बहुजन समाज के साथ-साथ उच्च जातियों के शोषित एवं गरीब लोगों को न्याय, सुरक्षा और सम्मान केवल बसपा सरकार में ही मिल सकता है।

मायावती ने पार्टी पदाधिकारियों से पांचवीं बार प्रदेश में बसपा की सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

बसपा के प्रदेश कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में मायावती ने बूथ स्तर तक चुनावी तैयारियों, उम्मीदवारों के चयन और समाज के सभी वर्गों में मतदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने के काम की समीक्षा की। इस बैठक में प्रदेश के सभी 75 जिलों के जिलाध्यक्षों सहित विभिन्न स्तरों के पदाधिकारी शामिल हुए।

पार्टी की ओर से जारी बयान के मुताबिक, मायावती ने कांग्रेस, भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सभी दल बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान की बात तो करते हैं, लेकिन उसे सही तरीके से लागू करने में विफल रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि इन दलों ने गरीबों, मजदूरों और बेरोजगार युवाओं के हितों की अनदेखी कर बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाया है।

उन्होंने कहा कि गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई और शोषण से परेशान बहुजन समाज अब अपने राजनीतिक अधिकारों के जरिए समस्याओं का समाधान चाहता है। इसके लिए चुनाव प्रक्रिया का स्वतंत्र, निष्पक्ष और विश्वसनीय होना जरूरी है।

मायावती ने कहा कि बसपा की पिछली चार सरकारों ने कानून का शासन और 'सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय' के सिद्धांत पर काम किया है।

बैठक में उन्होंने 6 दिसंबर 2026 को लखनऊ के डॉ. भीमराव आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर आयोजित होने वाले महापरिनिर्वाण दिवस समारोह में मुख्य अतिथि बनने का अनुरोध भी स्वीकार कर लिया।

उन्होंने पदाधिकारियों को संगठन की कमियां तय समय में दूर करने और पूरी निष्ठा से चुनावी तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए।

भाषा जफर मनीषा रंजन

रंजन