नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) जनता दल (यूनाइटेड) ने बृहस्पतिवार को अग्निवीरों को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार देने के केंद्र के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सशस्त्र बलों में शामिल होने की इच्छा रखने वाले युवाओं को लाभ होगा खासकर बिहार जैसे राज्यों में, जहां बड़ी संख्या में युवा सेना में भर्ती होते हैं।
जदयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि पार्टी ने इस योजना की शुरुआत के समय कुछ सुझाव दिए थे। उन्होंने हालिया फैसले पर खुशी जताते हुए इसे अग्निवीरों के लिए ‘‘दिवाली का शानदार तोहफा’’ बताया।
‘अग्निपथ’ योजना में बड़े बदलाव के तहत सरकार ने बुधवार को घोषणा की कि उन ‘अग्निवीरों’ को दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा जिनका चार साल का कार्यकाल पूरा हो रहा है। इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने और व्यक्तिगत सहमति देने वाले अग्निवीरों को स्थायी भर्ती की पेशकश की जाएगी।
प्रसाद ने कहा, ‘‘जनता दल (यूनाइटेड) ने अग्निवीर योजना शुरू होने के समय कुछ सुझाव दिए थे। हमें खुशी है कि अग्निवीरों को दिवाली का इतना शानदार तोहफा मिला है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह फैसला अब महत्वपूर्ण है, क्योंकि जहां 25 प्रतिशत अग्निवीर नियमित सेवा में शामिल होंगे, वहीं सेना ने शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को दो साल के दूसरे कार्यकाल का अवसर देने का भी फैसला किया है।’’
प्रसाद ने कहा कि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ने यह भी बताया था कि इस प्रस्ताव की लंबे समय से समीक्षा की जा रही थी।
उन्होंने कहा, ‘‘इसके साथ ही एक और बड़ी घोषणा यह है कि इन दो वर्षों का कार्यकाल पूरा करने के बाद निर्धारित मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सेवा के लिए विचाराधीन रखा जाएगा।’’
आधुनिक युद्ध की जरूरतों के संदर्भ में सेना की आवश्यकताओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय सेना में यह प्रयोग सही दिशा में आगे बढ़ता दिखाई दे रहा है, इसलिए बड़े फैसले लिए गए हैं।’’
बिहार के नजरिये से इस फैसले का स्वागत करते हुए प्रसाद ने कहा, ‘‘बिहार जैसे राज्य में बड़ी संख्या में युवा देश की सेवा करने के लिए भारतीय सेना में शामिल होते हैं। इस अवसर से सेना में भर्ती होने की इच्छा रखने वाले युवाओं के बीच इसका आकर्षण और बढ़ेगा।’’
भाषा गोला मनीषा
मनीषा