जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) जयपुर के आमेर घाटी इलाके में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने मोटरसाइकिल एवं स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, हादसा आमेर थाना क्षेत्र में रात करीब 11 बजे हुआ। कार आमेर महल से जलमहल की ओर जा रही थी, इस दौरान उसने पहले आमेर मावठे के पास सेल्फी प्वाइंट पर एक स्कूटी को टक्कर मारी और फिर आमेर घाटी में एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार और मोटरसाकिल सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।
आमेर के सहायक पुलिस आयुक्त प्रतीक सिंह ने बताया कि हादसे में मोटरसाइकिल सवार रामगंज निवासी शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की मौके पर ही मौत हो गई। सिंह ने बताया कि स्कूटी सवार आमेर निवासी साहिल (25) ने बृहस्पतिवार को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
उन्होंने बताया कि हादसे में कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण घायल हो गए और तीनों को उपचार के लिए सवाई मानसिंह अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए।
सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे, जो कथित तौर पर नशे में थे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद तीनों लोग मौके से भागने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन स्थानीय लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने तीनों को हिरासत में ले लिया है और कार से बीयर के कैन भी बरामद हुए हैं।
भाषा बाकोलिया मनीषा रंजन
रंजन