Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

टाटा पावर रिन्यूएबल्स ने कर्नाटक में सेकी के लिए 300 मेगावाट की परियोजना शुरू की

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) टाटा पावर की अनुषंगी कंपनी टाटा पावर रिन्यूएबल एनर्जी लिमिटेड (टीपीआरईएल) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसने कर्नाटक के कोप्पल में भारतीय सौर ऊर्जा निगम (एसईसीआई) के लिए 300 मेगावाट की सौर ऊर्जा परियोजना शुरू कर दी है।

कंपनी के बयान के अनुसार, टीपीआरईएल की पूर्ण स्वामित्व वाली अनुषंगी कंपनी टीपी सौर्य इस परियोजना पर काम करेगी। परियोजना शुरू होने के बाद इससे सालाना 81 करोड़ यूनिट (एमयू) नवीकरणीय ऊर्जा पैदा होने की उम्मीद है। इससे हर साल अनुमानित 1,03,820 टन कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा की ओर बदलाव को मजबूती मिलेगी।

इस परियोजना से भारतीय सौर ऊर्जा निगम (एसईसीआई) को नवीकरणीय बिजली की आपूर्ति की जाएगी।

परियोजना स्थल पर काम करने वाले कर्मचारियों में करीब 40 प्रतिशत यानी 16 महिला पेशेवर हैं।

कंपनी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी भारत के नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में तकनीकी और नेतृत्व संबंधी पदों पर उनकी बढ़ती भूमिका को दर्शाती है।

इस परियोजना के जुड़ने के साथ टीपीआरईएल की कुल नवीकरणीय ऊर्जा उपयोगिता क्षमता बढ़कर 12 गीगावाट हो गई है।

इसमें से करीब 7.2 गीगावाट क्षमता चालू है। इसमें 5.8 गीगावाट सौर ऊर्जा और 1.3 गीगावाट पवन ऊर्जा क्षमता शामिल है, जबकि करीब 4.9 गीगावाट क्षमता विभिन्न चरणों में क्रियान्वयन के अधीन है।

भाषा निहारिका

निहारिका