पटना, पांच नवंबर (भाषा) बिहार सरकार ने खगड़िया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) भानु प्रताप सिंह का, उनकी पत्नी द्वारा उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बीच तबादला कर दिया है।
गृह विभाग की ओर से बुधवार को जारी आदेश के अनुसार, 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी भानु प्रताप सिंह को पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित किया गया है। वहीं, शिवहर के एसपी शैलेन्द्र सिंह को उनके स्थान पर खगड़िया का नया एसपी नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि भानु प्रताप सिंह की पत्नी पूजा सिंह ने एक नवंबर को पटना पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए अपने पति और ससुराल वालों पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। उन्होंने पटना में सचिवालय थाना क्षेत्र के अंतर्गत महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
कुछ दिन पहले पूजा सिंह ने मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना भी दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके पति उन्हें अपनी छह वर्षीय बेटी से बात तक नहीं करने दे रहे हैं।
पूजा सिंह ने दावा किया कि उनकी शादी वर्ष 2016 में भानु प्रताप सिंह से हुई थी। उस समय उनके पति बेरोजगार थे और सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहे थे।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''मैं तलाक नहीं चाहती हूं। मैं अपने पति और बेटी के साथ नए सिरे से जिंदगी शुरू करना चाहती हूं। यदि वह आपसी बातचीत से मामले को सुलझाने के लिए तैयार होते हैं तो मैं अपनी पुलिस शिकायत वापस लेने को भी तैयार हूं।''
उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले को लेकर उन्होंने बिहार की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) प्रीता वर्मा से मुलाकात की है।
इस संबंध में भानु प्रताप सिंह से प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
भाषा कैलाश
मनीषा
मनीषा