Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

दिल्ली पुलिस इंटरपोल की मदद से दुष्कर्म के आरोपी को अबू धाबी से वापस लायी

नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) दिल्ली में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में वांछित 38 वर्षीय व्यक्ति को दिल्ली पुलिस, इंटरपोल, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और गृह एवं विदेश मंत्रालयों के संयुक्त प्रयासों से संयुक्त अरब अमीरात के अबू धाबी से वापस लाया गया है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

विशेष पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) देवेश श्रीवास्तव ने पत्रकारों को बताया कि केरल निवासी आरोपी सजीर पल्ली को उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अबू धाबी में पकड़ा गया था।

पुलिस के अनुसार, मामला अक्टूबर 2025 का है। आरोपी ने कथित तौर पर करोल बाग इलाके के एक होटल में एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था। महिला एक निजी कंपनी में उसके साथ काम करती थी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना कंपनी के कर्मचारियों की एक बैठक के बाद हुई थी। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर महिला को एक होटल में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।

पुलिस के अनुसार, महिला ने शुरुआत में कंपनी में शिकायत की थी। आरोपी पांच जनवरी को अबू धाबी फरार हो गया था।

इसके बाद फरवरी में करोल बाग थाने में मामला दर्ज किया गया और जुलाई में आरोपी को भगोड़ा घोषित कर दिया गया। बाद में आरोपी का पता लगाने और उसे पकड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों के बीच सहयोग के तहत उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया।

श्रीवास्तव ने बताया कि दिल्ली पुलिस, सीबीआई की इंटरपोल शाखा और गृह एवं विदेश मंत्रालयों के बीच समन्वय के बाद आरोपी को बुधवार को दिल्ली लाया गया।

मामले की आगे की जांच जारी है।

भाषा नोमान प्रचेता मनीषा

मनीषा