नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) पुरानी दिल्ली के चावड़ी बाजार में बृहस्पतिवार को निर्माणाधीन तीन मंजिला एक इमारत ढह जाने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार जख्मी हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी
अधिकारियों ने बताया कि मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, सुबह करीब 9:50 बजे गली शाहतारा में शीश महल में इमारत ढहने की सूचना मिली। यह जगह चावड़ी बाजार मेट्रो स्टेशन के सामने स्थित है।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि डीएफएस की टीम ने मलबे से दो लोगों को मृत अवस्था में बाहर निकाला है।
उन्होंने कहा कि डीएफएस की टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने चार अन्य लोगों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचा दिया था।
अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों की देखरेख में कई दमकल इकाइयां बचाव अभियान चला रही हैं।
भाषा नोमान प्रचेता मनीषा
मनीषा