Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

उप्र के हाथरस में घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत

हाथरस, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में बृहस्पतिवार को तड़के एक घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत हो गई। हादसे के समय दोनों घर में अकेले सो रहे थे। पुलिस ने इसकी जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, घटना सादाबाद के कहारान मोहल्ले में आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शहजाद बेग (70) और उनकी पत्नी सलमा बेग (65) के रूप में हुई है।

आग लगने की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने शहजाद के भाई कासिम बेग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो दंपति के शव बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिले।

घटना की सूचना पर पड़ोसी जिले मथुरा के वृंदावन से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 10 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची।

टीम के प्रभारी रजत कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से घर में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही दमकल कर्मी आग बुझा चुके थे।

सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) आर के बाजपेयी ने कहा कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी।

उन्होंने कहा, 'घटनास्थल पर बहुत सारे कपड़े थे, और ऐसा लगता है कि आग उन पर गिरी एक विद्युत चिंगारी के कारण लगी।'

उन्होंने यह भी कहा कि दंपति दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। उन्होंने आगे कहा कि दोनों की मौत धुयें से दम घुटने के कारण हुई।

भाषा सं जफर रंजन मनीषा रंजन

रंजन