कोझिकोड (केरलम), पांच नवंबर (भाषा) मनियूर के स्थानीय लोगों ने पॉक्सो मामले में अनिवासी व्यवसायी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के समर्थन में जुलूस निकाला। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पय्योली थाना पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, केरल उच्च न्यायालय द्वारा जमानत रद्द करने के अधीनस्थ अदालत के आदेश को बरकरार रखे जाने के बाद कोझिकोड ग्रामीण अपराध शाखा ने बुधवार को कोयलांडि के पास चेंगोट्टुकावू से अब्दुल रफीक (48) को हिरासत में लिया था।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तारी के तुरंत बाद मनियूर के निवासियों ने पुलिस की कार्रवाई के प्रति अपना समर्थन जताने और मामले की विस्तृत जांच की मांग को लेकर एक जुलूस निकाला।
उन्होंने पीड़िता को न्याय दिलाने और सहायता प्रदान करने की भी मांग की।
‘चाइल्डलाइन’ से मिली शिकायत के बाद पय्योली पुलिस ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत यह मामला दर्ज किया था। इस मामले में अनिवासी व्यवसायी रफीक मुख्य आरोपी है और पुलिस ने पीड़िता की मां को भी आरोप बनाया है।
पुलिस के मुताबिक, रफीक पीड़िता की मां का करीबी दोस्त था और आरोप है कि नाबालिग का दो साल से अधिक समय तक यौन उत्पीड़न किया गया। लोगों के विरोध के बाद पुलिस ने मां को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेज दिया था।
हालांकि, घटना के बाद रफीक खाड़ी देश भाग गया, और स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया था कि पुलिस की उदासीनता के कारण ही आरोपी को भागने का मौका मिला।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में रफीक भारत लौटा और उसने कोयलांडि त्वरित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया, जिसने उसे जमानत दे दी थी। जमानत मिलने और जांच में हो रही देरी के विरोध में स्थानीय लोगों ने एक कार्रवाई समिति का गठन कर सड़क जाम कर दी और थाने तक मार्च निकाला।
मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में पय्योली थाने के दो पुलिसकर्मियों को निलंबित भी किया गया। इसके बाद पुलिस ने कोयलांडि त्वरित अदालत का रुख किया, जिसने रफीक की जमानत रद्द कर दी।
जमानत रद्द होने के फैसले को रफीक ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी और अंतरिम स्थगन आदेश प्राप्त कर लिया। हालांकि, विस्तृत सुनवाई के बाद उच्च न्यायालय ने बुधवार को स्थगन हटा दिया, जिससे उसकी गिरफ्तारी का रास्ता साफ हो गया।
पुलिस ने बताया कि रिमांड प्रक्रिया के तहत रफीक को अदालत में पेश किया जाएगा और विस्तृत पूछताछ के लिए उसकी न्यायिक हिरासत का अनुरोध किया जाएगा।
भाषा खारी मनीषा
मनीषा