Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

तिरुवनंतपुरम में 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में महिला हिरासत में

तिरुवनंतपुरम (केरलम), पांच नवंबर (भाषा) केरलम की राजधानी तिरुवनंतपुरम में 17 वर्षीय एक किशोर की हत्या के मामले की जांच कर रही पुलिस ने पूछताछ के लिए एक महिला को हिरासत में लिया है। किशोर का शव एक बोरे में भरकर पंगप्पारा इलाके में खाली पड़े एक भूखंड पर फेंका गया था। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बुधवार रात हिरासत में ली गई महिला, श्रीकार्यम के पास पंगप्पारा के रहने वाले उमर मुफ्तार (22) की करीबी दोस्त है। मुफ्तार इस मामले में दूसरा आरोपी है।

अधिकारियों के अनुसार, मुफ्तार ने कथित तौर पर महिला को बताया था कि मुख्य आरोपी (नाबालिग) के कहने पर अभिराम और उसके एक अन्य दोस्त को निशाना बनाने की योजना बनाई गई थी। महिला को कथित तौर पर मामले से जुड़े सबूत नष्ट करने की आरोपियों की योजना की भी जानकारी थी।

पुलिस ने कहा कि विस्तृत पूछताछ और इस दौरान सामने आने वाले तथ्यों की पुष्टि के बाद महिला की गिरफ्तारी पर फैसला लिया जाएगा।

इस मामले में अब तक 17 वर्षीय किशोर, मुफ्तार और मनाकाड के रहने वाले आनंदा बीए (18) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

पुलिस के अनुसार, अभिराम का शव सोमवार को श्रीकार्यम के पास पंगप्पारा में एक सुनसान भूखंड पर केले के पौधों के बीच बोरे में भरा हुआ मिला था। उसके घर नहीं लौटने पर माता-पिता ने श्रीकार्यम पुलिस से संपर्क किया था।

पुलिस ने बताया कि अभिराम का एक दोस्त उस लड़की के साथ प्रेम संबंध में था, जो मुख्य आरोपी की प्रेमिका थी।

आरोपियों ने कथित तौर पर अभिराम की महिला मित्र आनंदा का इस्तेमाल उसे पंगप्पारा के एक सुनसान स्थान पर बुलाने के लिए किया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की योजना अभिराम के जरिए उसके दोस्त को वहां बुलाने की थी।

हालांकि, जब उनकी यह कोशिश नाकाम रही तो आरोपियों ने कथित तौर पर अभिराम पर हमला किया और बेल्ट से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि इसके बाद शव को बोरे में भरकर सुनसान भूखंड पर फेंक दिया गया।

भाषा मनीषा

मनीषा