सिडनी, पांच नवंबर (एपी) विलियम्स टीम को पहली बार फॉर्मूला-वन (एफ-वन) विश्व चैंपियनशिप का खिताब दिलाने वाले ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज एलन जोन्स का निधन हो गया।
उनके परिवार ने बृहस्पतिवार को उनके निधन की पुष्टि की। 1980 के फॉर्मूला-वन विश्व चैंपियन जोन्स 80 वर्ष के थे। वह कुछ समय से बीमार थे।
उनकी पत्नी अमांडा ने बृहस्पतिवार को जारी बयान में कहा, ‘‘हमें एलन के निधन की खबर देते हुए बेहद दुख हो रहा है। उनकी कमी हमेशा खलेगी। परिवार के करीबी लोगों के साथ-साथ उन तमाम प्रशंसकों के दिलों में भी उनकी यादें हमेशा जीवित रहेंगी, जिनके प्यार और समर्थन के लिए वह सदैव आभारी रहे।’’
‘ऑस्ट्रेलियन मोटरस्पोर्ट’ हॉल ऑफ फेम और ‘स्पोर्ट ऑस्ट्रेलिया’ हॉल ऑफ फेम में शामिल जोन्स फॉर्मूला-वन विश्व चैंपियनशिप जीतने वाले दूसरे ऑस्ट्रेलियाई ड्राइवर थे। उनके बाद ऑस्ट्रेलिया के किसी ड्राइवर ने इस खिताब को नहीं जीता है।
उनका रेसिंग करियर शानदार उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने फॉर्मूला-वन में कुल 12 रेस जीतीं और 24 बार पोडियम पर जगह बनाई। वर्ष 1980 में विश्व चैंपियन बनना उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि रही।
भाषा आनन्द आनन्द
आनन्द