हैदराबाद, पांच नवंबर (भाषा) तेलंगाना के खम्मम जिले में उफनती झील में बचाव अभियान के दौरान नौकाएं पलटने से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जिन 10 कर्मियों के लापता होने की आशंका थी, उन्हें सुरक्षित बचा लिया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, जिले के सत्तुपल्ली मंडल स्थित उफनती बेथुपल्ली झील में फंसे मछुआरों के एक समूह को बचाने के लिए बुधवार रात एसडीआरएफ के कर्मियों को दो नौकाओं में तैनात किया गया था।
बचाव अभियान के दौरान पानी के तेज बहाव के कारण एसडीआरएफ की दोनों नौकाएं पलट गईं। हालांकि, बल के कर्मी झील के किनारे के पास कुछ पेड़ों को पकड़कर बचने में कामयाब रहे। इसके बाद राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों ने रातभर चले अभियान के दौरान उन्हें सुरक्षित बचा लिया।
खम्मम के जिलाधिकारी दिवाकर टी.एस. ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘सभी को सुरक्षित बचा लिया गया है।’’
चक्रवात ‘मुरासु’ के प्रभाव के कारण खम्मम जिले बारिश हो रही है।
उन्होंने बताया कि झील में फंसे मछुआरों को बुधवार रात ही सुरक्षित बचा लिया गया था।
तेलंगाना के राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी ने सफल बचाव अभियान के लिए अधिकारियों और बचाव दलों की सराहना की।
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बी संजय कुमार ने बुधवार को कहा कि बचाव अभियान के लिए एनडीआरएफ के कर्मियों को तैनात किया गया था।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन