Breaking News

UP: दिवाली-छठ तक लगातार बिजली सप्लाई के निर्देश     |   तूफान से बढ़े जलस्तर को लेकर निचले इलाकों में अलर्ट-सीएम चंद्रबाबू का निर्देश     |   ग्रेटर नोएडा : गौर चौक अंडरपास आज से ट्रायल रन के लिए खुला     |   लखनऊ यूनिवर्सिटी में दीपावली अवकाश घोषित, 6-7 और 10 नवंबर को ऑनलाइन क्लास     |   गाजीपुर बॉर्डर पर पुलिस की सख्ती, GRAP-II के तहत वाहनों की एंट्री पर पाबंदी     |  

अमिष शाह की एरिजोना में ऐतिहासिक जीत; अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में पहुंचने वाले छठे भारतीय-अमेरिकी

(सागर कुलकर्णी)

वाशिंगटन, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय-अमेरिकी चिकित्सक अमिष शाह ने अमेरिकी कांग्रेस (संसद) में एरिजोना का प्रतिनिधित्व करने वाला अपने समुदाय का पहला सदस्य बनकर इतिहास रच दिया है।

शाह (48) ने एरिजोना के प्रथम संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से प्रतिनिधि सभा के लिए हुए चुनाव में बुधवार को जीत का दावा किया।

शाह ने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘एरिजोना, आपका अगला सांसद बनना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।’’

इसके साथ ही शाह अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के लिए चुने जाने वाले छठे भारतीय-अमेरिकी बन गए हैं।

एरिजोना प्रतिनिधि सभा के तीन बार सदस्य रह चुके शाह ने रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार एवं नेशनल फुटबॉल लीग (एनएफएल) के पूर्व खिलाड़ी जे फीली को शिकस्त दी, जिन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन हासिल था।

शाह और फीली के बीच बेहद कड़ा मुकाबला देखने को मिला। डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार शाह को 52.49 प्रतिशत वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी फीली को 45.45 प्रतिशत वोटों से संतोष करना पड़ा। ‘डिसीजन डेस्क एचक्यू’ ने बुधवार रात आठ बजकर 39 मिनट (ईएसटी) पर शाह की जीत की घोषणा की।

शाह ने कहा, ‘‘सार्वजनिक पद के लिए चुनाव लड़ना आसान नहीं होता है, और मैं एक कड़े मुकाबले के लिए जे फीली की सराहना करता हूं।’’

शाह ने एरिजोना से कांग्रेस में पहुंचने वाला पहला भारतीय-अमेरिकी बनकर इतिहास रचा है। फीली को हराकर शाह ने रिपब्लिकन पार्टी के कब्जे वाली सीट पर अपना परचम लहराया है।

दिलचस्प बात यह है कि राजनीतिक पटल पर एक-दूसरे के विरोधी होने के बावजूद शाह और फीली का एक साझा अतीत रहा है। डेमोक्रेटिक उम्मीदवार अमिष शाह एनएफएल टीम ‘न्यूयॉर्क जेट्स’ के चिकित्सक के तौर पर आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं दे चुके हैं और फीली उसी टीम में थे।

शिकागो में गुजराती माता-पिता के घर जन्मे शाह की परवरिश अमेरिका में हुई। उनके माता-पिता 1960 के दशक में अमेरिका आए थे। शाह के पिता जैन और मां हिंदू हैं। उन्होंने ‘नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी’ से अपनी स्नातक की पढ़ाई पूरी की और ‘ऑनर्स प्रोग्राम इन मेडिकल एजुकेशन’ के तहत नॉर्थवेस्टर्न यूनिवर्सिटी मेडिकल स्कूल से अपनी मेडिकल की डिग्री हासिल की।

भाषा खारी मनीषा

मनीषा