मदुरै (तमिलनाडु), पांच नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के मदुरै जिले में मेलूर के पास दीपावली के लिए घर में रखे पटाखों में विस्फोट होने से 20 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
यह घटना बृहस्पतिवार तड़के मेलूर के पास करुंगलाकुडी गांव में हुई। विस्फोट के कारण मकान की पहली मंजिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसका एक हिस्सा ढह गया।
मृतक की पहचान मनोज के रूप में हुई है। वह दीपावली मनाने के लिए अपने दोस्त के घर आया था।
पुलिस के अनुसार, ओथाकडई के पास एक निजी कॉलेज में कैटरिंग की पढ़ाई कर रहा लोकेश (20) आगामी त्योहार पर अपने दोस्तों के साथ दीपावली मनाने के लिए शिवकाशी से पटाखे खरीदकर लाया था और उन्हें अपने घर की ऊपरी मंजिल पर रखा था।
पटाखों में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे लोकेश, उसकी मां योगवणी (42) और उसके कॉलेज का सहपाठी मनोज (20) गंभीर रूप से झुलस गए। मनोज ने बाद में अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
कोट्टामपट्टी से दमकल एवं बचाव सेवा के कर्मी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला। उन्हें पहले आपातकालीन उपचार के लिए 108 एंबुलेंस से मेलूर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया और बाद में बेहतर इलाज के लिए मदुरै के सरकारी राजाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मेलूर के पुलिस उपाधीक्षक शिवकुमार की निगरानी में कोट्टामपट्टी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू की। मेलूर के तहसीलदार वसंत ने भी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
भाषा मनीषा
मनीषा