चेन्नई, पांच नवंबर (भाषा) तमिलनाडु के वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने मीडिया से दूरी बनाने के विपक्ष के आरोपों पर मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय का पुरजोर बचाव करते हुए कहा कि उन्हें अच्छी तरह पता है कि कब और कहां बोलना है।
विल्सन ने चार नवंबर को यहां पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को मीडिया से बातचीत करने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा, ‘‘यह उनका (मुख्यमंत्री) फैसला है। उन्हें पता है कि मीडिया से कब बात करनी है।’’
पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन द्वारा सरकार को ‘‘ज्योतिष सरकार’’ कहकर तंज कसने के बारे में पूछे जाने पर वित्त मंत्री ने द्रमुक पर तीखा पलटवार किया और विपक्षी दल पर ‘‘दोहरे मापदंड’’ अपनाने का आरोप लगाया।
विल्सन ने कहा, ‘‘उनके दोहरे मापदंड हैं। हमारे ऐसे कोई मापदंड नहीं हैं और हमें कुछ भी छिपाने की जरूरत नहीं है। हम पूरा तरह से साफ हैं।’’
स्टालिन ने चार नवंबर को कोयंबटूर स्थित पेरियार अरिवुलगम एवं विज्ञान केंद्र का दौरा करने के बाद एक समापन समारोह में मुख्यमंत्री विजय को हमेशा ज्योतिषी से सलाह लेने पर उनकी आलोचना की।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा