तिरुवनंतपुरम, पांच नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भारत में ‘अराजकता पैदा करने की कोशिश’ का आरोप लगाते हुए उनसे बांग्लादेश चले जाने को कहा।
चंद्रशेखर ने फेसबुक पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘अगर राहुल गांधी अराजकता पैदा करने में रुचि रखते हैं, तो उन्हें बांग्लादेश चले जाना चाहिए। वह उनका समर्थन करने वाले जमात-ए-इस्लामी को भी अपने साथ ले जा सकते हैं और वहां राजनीति कर सकते हैं।’’
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह ''सपना'' भारत में कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि देश का लोकतंत्र भाजपा और 140 करोड़ भारतीयों की वजह से सुरक्षित है।
नेमोम के विधायक और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि कांग्रेस 2014 और 2019 के चुनाव हार गई थी और कथित तौर पर झूठे प्रचार का सहारा लेने के बावजूद 2024 में भी उसे हार का सामना करना पड़ा।
उनकी यह टिप्पणी विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम कथित तौर पर हटाए जाने के मुद्दे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और केंद्र की भाजपा नीत सरकार के खिलाफ कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शनों के बाद आई है।
चंद्रशेखर ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जनता की ओर से दिए गए संदेश को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब जनता का विश्वास जीतने में सक्षम नहीं है और हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, तेलंगाना तथा केरलम में पार्टी के शासन के आधार पर मतदाता उसका समर्थन नहीं करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को हराने के लिए झूठ फैलाकर और देश में अराजकता पैदा करके जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
भाषा गोला रंजन
रंजन