गुवाहाटी, पांच नवंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को महान गायक भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि भारत रत्न से सम्मानित हजारिका की उज्ज्वल विरासत देश की संस्कृति को समृद्ध करती रहेगी और एकता की भावना से मानवता को प्रेरित करती रहेगी।
'ब्रह्मपुत्र के कवि' के नाम से लोकप्रिय हजारिका का 2011 में मुंबई में निधन हो गया था। उन्हें मरणोपरांत 2019 में देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ब्रह्मपुत्र के कवि ने एक ऐसी उज्ज्वल विरासत छोड़ी है, जो अपने कालजयी संगीत के माध्यम से हमारी संस्कृति को समृद्ध करती रहेगी, असम को वैश्विक मंच पर उसका उचित सम्मान दिलाती रहेगी और एकता की भावना से मानवता को प्रेरित करती रहेगी।’’
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस महान कलाकार ने एक ऐसी समृद्ध और चिरस्थायी सांस्कृतिक विरासत छोड़ी है, जिसे हमेशा याद किया जाएगा।
शाह ने कहा, ‘‘उनके कालजयी गीतों के माध्यम से यह हमारी संस्कृति को समृद्ध करता रहेगा, वैश्विक मंच पर असम को वह सम्मान दिलाएगा जिसका वह हकदार है और एकता के संदेश साथ मानवता को सदैव प्रेरित करती रहेगी।’’
हजारिका की साल भर चलने वाली जन्म शताब्दी का जश्न आठ सितंबर, 2025 को शुरू हुआ। इसका समापन 29 नवंबर को नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मौजूदगी में होगा।
भाषा
प्रचेता रंजन
रंजन