कोझिकोड (केरलम), पांच नवंबर (भाषा) केरलम के कोझिकोड जिले में नादापुरम के पास वलयम में 16 वर्षीय एक किशोर से कथित कुकृत्य के मामले में 76 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पांच अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान वलयम निवासी मजीद के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत वलयम थाने में पांच और कुट्टियाडी थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।
आरोप है कि वलयम में कई बार किशोर से कथित तौर पर कुकर्म किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस को दिए गए किशोर के बयान के अनुसार, उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाया गया, जहां छह लोगों ने उससे कुकर्म किया।
यह मामला तब सामने आया, जब किशोर ने कई बार स्कूल जाने से अनिच्छा जताई। इसके बाद उसके परिजनों ने इसकी वजह जानने की कोशिश की। परिजनों द्वारा पूछताछ किए जाने पर कथित शोषण का मामला उजागर हुआ।
पुलिस ने बताया कि मजीद को बुधवार को हिरासत में लिया गया और बाद में वलयम थाने में उसकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामले में कथित तौर पर शामिल अन्य लोगों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, किशोर की चिकित्सकीय जांच कराई गई है और विस्तृत बयान दर्ज कराने के लिए उसे परामर्श भी दिया गया है।
भाषा प्रचेता खारी
खारी