जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान के सीकर जिले में गाय बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को कथित तौर पर पिकअप गाड़ी से कुचल दिया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
इसके अनुसार यह घटना बुधवार शाम को जीणमाता थाना क्षेत्र में सिकवाली ढाणी में हुई।
थानाधिकारी राकेश कुमार मीणा ने बताया कि आरोपी चुन्नीलाल कुमावत (56) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी चुनकी देवी (52) को पिकअप गाड़ी से कुचलकर मार डाला।
उन्होंने कहा, ‘‘चुन्नीलाल एक गाय बेचना चाहता था लेकिन पत्नी ने उसके इस फैसले का विरोध किया। पत्नी के मना करने से नाराज होकर उसने घर से लगभग 100 मीटर दूर उस पर गाड़ी चढ़ा दी।’’
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद चुन्नीलाल थाने पहुंचा और अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली।
पुलिस की टीम उसे लेकर घटनास्थल पर गई और शव बरामद किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि आरोपी पर लगभग 15 लाख रुपये का कर्ज है और वह पैसों को लेकर अक्सर अपने परिवार वालों से झगड़ा करता था।
भाषा पृथ्वी मनीषा
मनीषा