नयी दिल्ली, पांच नवंबर (भाषा) लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने बुधवार को कहा कि अगर विपक्षी पार्टी 'ज्यादा सीटें जीतना' चाहती है, तो उसके वरिष्ठ नेता को भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और भारत विरोधी लोगों से मिलना बंद करना चाहिए।
रीजीजू प्रधानमंत्री के साथ खुली बहस की मांग करने को लेकर राहुल गांधी और कांग्रेस के अन्य नेताओं पर लगातार निशाना साध रहे हैं।
उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि अगर राहुल गांधी सात शर्तें पूरी करते हैं, तो कांग्रेस 'अधिक सीटें जीत सकती है।’’
इन शर्तों को व्यंग्यात्मक अंदाज में गिनाते हुए रीजीजू ने कहा कि राहुल गांधी को 'भारत में अधिक समय बिताना चाहिए और बार-बार विदेश में गुपचुप छुट्टियां मनाने से बचना चाहिए।'
उन्होंने कांग्रेस नेता से भारतीय परंपरा के अनुसार वरिष्ठ नेताओं का सम्मान करने और बुजुर्गों से बहुमूल्य सीख लेने को भी कहा।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने गांधी को सलाह दी कि वह 'भारत विरोधी लोगों से मिलना बंद करें और उनके एजेंडे को बढ़ावा देना भी बंद करें।'
चौथी शर्त के तौर पर केंद्रीय मंत्री ने गांधी से कहा कि उन्हें 'भाजपा, आरएसएस और मोदी जी के प्रति गहरी नफरत खत्म करनी चाहिए' और 'भाजपा को राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी मानना चाहिए, दुश्मन नहीं।'
उन्होंने कांग्रेस नेता से 'संसद को अधिक गंभीरता से लेने' और सांसदों को बहस एवं चर्चा में हिस्सा लेने देने को भी कहा।
रीजीजू ने आखिरी दो शर्तें गिनाते हुए कहा, 'भारत के संविधान का सम्मान करें, संवैधानिक संस्थाओं का आदर करें और कांग्रेस पार्टी को एक लोकतांत्रिक दल के रूप में काम करने दें तथा वंशवादी राजनीति को खत्म करें।'
इससे पहले रीजीजू ने संसद में दिए गए अपने भाषण का एक वीडियो क्लिप पोस्ट किया था। उस दौरान विपक्षी नेता सदन से बहिर्गमन कर गए थे।
राहुल गांधी ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती देते हुए कहा कि यदि मोदी उनके साथ बहस करते हैं तो वह पांच मिनट में साबित कर देंगे कि प्रधानमंत्री “देशद्रोही” हैं और वह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इशारे पर काम करते हैं।
भाषा गोला रंजन
रंजन