Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

उप्र के हाथरस में घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत

हाथरस, पांच नवंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के सादाबाद कस्बे में बृहस्पतिवार को तड़के एक घर में आग लगने से बुजुर्ग दंपति की जलकर मौत हो गई। हादसे के समय दोनों घर में अकेले सो रहे थे।

पुलिस के मुताबिक, घटना सादाबाद के कहारान मोहल्ले में आधी रात के बाद करीब 1:30 बजे हुई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान शहजाद बेग (70) और उनकी पत्नी सलमा बेग (65) के रूप में हुई है।

आग लगने की जानकारी मिलने पर पड़ोसियों ने शहजाद के भाई कासिम बेग को सूचना दी। स्थानीय लोगों ने घर का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद लोगों ने खुद आग बुझाने की कोशिश की। सूचना पर पहुंची दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया।

आग बुझने के बाद जब लोग घर के अंदर पहुंचे तो दंपति के शव बुरी तरह जली हुई अवस्था में मिले।

घटना की सूचना पर पड़ोसी जिले मथुरा के वृंदावन से राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की 10 सदस्यीय टीम भी मौके पर पहुंची।

टीम के प्रभारी रजत कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से घर में आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही दमकल कर्मी आग बुझा चुके थे।

सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. नीरज शर्मा ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

सादाबाद के पुलिस क्षेत्राधिकारी योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

भाषा सं जफर रंजन

रंजन