वेटिकन सिटी, पांच नवंबर (एपी) अमेरिकी गायक-गीतकार एवं कवि बॉब डिलन बुधवार को वेटिकन पहुंचे, जहां उन्होंने इटली में अपने संगीत कार्यक्रमों के व्यस्त दौरे के बीच पोप लियो 14वें से विशेष मुलाकात की।
वेटिकन (रोमन कैथोलिक चर्च का मुख्यालय) के अनुसार, यह एक संक्षिप्त मुलाकात रही। इस दौरान पोप लियो ने डिलन को एक ‘रोजरी’ भेंट की, जबकि डिलन ने पोप को अपनी आत्मकथा ‘क्रॉनिकल्स : वॉल्यूम वन’ की एक प्रति उपहार में दी।
पोप लियो ने परमाणु हथियारों की होड़ के खिलाफ चेतावनी देने वाली अपनी वर्ष 2026 में प्रकाशित पुस्तक ‘डिसआर्म्ड एंड डिसआर्मिंग : पीस इज अ गिफ्ट’ में डिलन के वर्ष 1963 में लिखे गए एक अप्रकाशित विरोध गीत ‘गो अवे यू बॉम’ की पंक्तियों का उल्लेख किया था।
इस मुलाकात के दौरान वेटिकन के संस्कृति विभाग के अधिकारी रेवरेंड एंटोनियो स्पैडारो और वेटिकन के समाचार पत्र ‘एल ओस्सरवातोरे रोमानो’ के संपादक एंड्रिया मोंडा भी मौजूद थे।
स्पैडारो ने बताया कि डिलन स्वयं पोप लियो से मिलना चाहते थे और दोनों ने कुछ मिनट तक एकांत में बातचीत की।
उन्होंने ‘एल ओस्सरवातोरे रोमानो’ में प्रकाशित एक लेख में याद किया कि 1955 में शिकागो में जन्मे 71 वर्षीय पोप लियो (पूर्व में नाम रॉबर्ट प्रेवोस्ट) 85 वर्षीय डिलन के संगीत को सुनते हुए बड़े हुए हैं।
एपी
खारी रंजन
रंजन