Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

अग्निवीरों पर मंत्रिमंडल का फैसला महत्वपूर्ण, इससे सेना एवं युवा सशक्त होंगे: भाजपा

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्य प्रवक्ता अनिल बलूनी ने चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर देने के केंद्रीय मंत्रिमंडल के फैसले को महत्वपूर्ण बताते हुए बुधवार को कहा कि इससे सेना एवं युवा सशक्त होंगे तथा भारत सुरक्षित बनेगा।

सरकार ने अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव करते हुए बुधवार को घोषणा की कि चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों को दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा और इसके बाद निर्धारित पात्रता मानदंडों को पूरा करने वाले अग्निवीरों को नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी दिया जाएगा।

बलूनी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ (सेवा का दूसरा कार्यकाल) को मंजूरी देकर एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘सशक्त युवा, सशक्त सेना, सुरक्षित भारत।’’

बलूनी ने बताया कि इस निर्णय के तहत अग्निपथ योजना के अंतर्गत चार वर्ष की प्रारंभिक सेवा पूरी करने वाले 75 प्रतिशत अग्निवीरों को स्वेच्छा एवं निर्धारित चयन मानदंडों के आधार पर दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस प्रकार वे कुल छह वर्ष तक देश की रक्षा में अपना योगदान दे सकेंगे।

बलूनी ने इस निर्णय की प्रमुख विशेषताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले की तरह 25 प्रतिशत योग्य एवं इच्छुक अग्निवीरों को चार वर्ष बाद नियमित काडर में शामिल होने का अवसर मिलता रहेगा।

उन्होंने कहा कि शेष 75 प्रतिशत अग्निवीरों को निर्धारित चयन प्रक्रिया के माध्यम से दो वर्ष के ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ का अवसर मिलेगा।

भाजपा नेता ने कहा, ‘‘दूसरे ‘टूर’ के दौरान पहले वर्ष 43,500 रुपये और दूसरे वर्ष 47,500 रुपये प्रतिमाह निश्चित वेतन के साथ लागू भत्ते मिलेंगे।’’

उन्होंने बताया कि दूसरे ‘टूर’ में सेवा निधि के लिए सरकार का योगदान बढ़ाकर मासिक वेतन पैकेज का 70 प्रतिशत किया गया है।

बलूनी ने कहा कि दो वर्ष की अतिरिक्त सेवा पूरी करने पर अग्निवीरों को ब्याज को छोड़कर 10.92 लाख रुपये की सेवा निधि मिलेगी, जो आयकर से मुक्त होगी।

गढ़वाल से सांसद बलूनी ने कहा कि दूसरे ‘टूर’ के बाद इच्छुक अग्निवीरों को निर्धारित मानदंडों के आधार पर नियमित सैन्य सेवा में शामिल होने का अवसर भी मिलेगा।

उन्होंने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त किया।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव