Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

उत्तराखंड में कांग्रेस ने चलाया 'धामी हटाओ-भूमि बचाओ' अभियान

देहरादून, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस ने उत्तराखंड सरकार पर बेशकीमती सरकारी जमीनों को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपने का आरोप लगाते हुए बुधवार को राज्यभर में अपने वरिष्ठ नेताओं के नेतृत्व में ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान के तहत विरोध प्रदर्शन किए।

मसूरी स्थित ऐतिहासिक जॉर्ज एवरेस्ट स्थल की भूमि को निजी हाथों में सौंपे जाने के विरोध में कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।

इस मौके पर गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड की भूमि केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक संपदा और भावी पीढ़ियों का भविष्य है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) सरकार सरकारी भूमि को कौड़ियों के भाव निजी हाथों में सौंपकर प्रदेश के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है।

उन्होंने कहा कि जॉर्ज एवरेस्ट केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि प्रदेश की ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है जिसे निजी हाथों में सौंपने का निर्णय कई सवाल खड़े करता है।

गोदियाल ने कहा, ‘‘सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि इस भूमि को किस प्रक्रिया के तहत, किन शर्तों पर और किसके हितों को ध्यान में रखते हुए निजी हाथों में सौंपा गया है।’’

गोदियाल ने कहा कि ‘धामी हटाओ-भूमि बचाओ’ अभियान प्रदेश की जमीन, जंगल और जनहित की रक्षा के लिए चलाया जा रहा जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि सरकारी संपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।

उन्होंने सरकार से जॉर्ज एवरेस्ट की भूमि सहित अन्य सरकारी जमीनों को निजी हाथों में सौंपने से जुड़े सभी फैसलों पर पुनर्विचार करने और पूरी प्रक्रिया की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत ने हरिद्वार में, प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने विकासनगर क्षेत्र में, प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत ने ऋषिकेश में तथा राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने नैनीताल में इस अभियान का नेतृत्व किया।

भाषा दीप्ति सिम्मी

सिम्मी