चंडीगढ़, चार नवंबर (भाषा) पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ नेताओं के आवासों पर केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाइयां उनकी सरकार को राज्य के लोगों के लिए लगन से काम करने से पीछे नहीं हटा सकती।
आप विधायक अमनदीप कौर के आवास पर हुई छापेमारी पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए मान ने आरोप लगाया कि केंद्रीय एजेंसियों को विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने और विरोध कर रही आवाजों को दबाने के लिए भाजपा द्वारा 'निर्देशित' किया जा रहा है, लेकिन उन्हें आप नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिलेगा जो ईमानदारी और समर्पण के साथ जनता की सेवा कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि 'डराने-धमकाने' और 'राजनीतिक बदले की भावना' से न तो 'आप' कमजोर होगी और ना ही पंजाब के विकास का एजेंडा पटरी से उतरेगा।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को राजनीतिक हिसाब चुकता करने के लिए जांच एजेंसियों का 'दुरुपयोग' करने के बजाय लोगों की समस्याओं के समाधान पर ध्यान देना चाहिए।
संवाददाताओं से बातचीत करते हुए मान ने कहा, 'भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को डराने और अपनी नीतियों पर सवाल उठाने वालों की आवाज दबाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल कर रही है।'
उन्होंने कहा, 'ये एजेंसियां अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर छापेमारी करने के लिए स्वतंत्र हैं, लेकिन उन्हें ‘आप’ नेताओं के खिलाफ कुछ नहीं मिलेगा जो ईमानदारी से काम कर रहे हैं और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।'
भाषा सुमित वैभव
वैभव