Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दीपावली पर कोई बुजुर्ग अकेला न रहे, इस उद्देश्य से राष्ट्रीय अभियान शुरू

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री वीरेंद्र कुमार ने बुधवार को विभिन्न पीढ़ियों के बीच संबंधों को मजबूत करने के उद्देश्य से ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ की शुरुआत की और लोगों से अपील की कि वे इस दीपावली पर सुनिश्चित करें कि उनके घर या आसपास कोई बुजुर्ग अकेला न रहे।

मंत्रालय के एक बयान के अनुसार, अटल वयो अभ्युदय योजना (एवीवाईएवाई) के तहत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच एकजुटता बढ़ाना और ऐसा समाज बनाना है, जो वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, ज्ञान एवं योगदान को पहचाने और उनका सम्मान करे।

कुमार ने इस पहल को ‘‘अनुभव और ऊर्जा का संगम’’ बताते हुए कहा, ‘‘युवा हमारे बुजुर्गों को डिजिटल दुनिया से जोड़ेंगे और हमारे बुजुर्ग युवाओं को जीवन के संस्कार देंगे।’’

मंत्री ने कहा कि यह अभियान पंचायतों, स्थानीय निकायों और शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से हर गांव और मोहल्ले तक पहुंचाया जाएगा।

कुमार ने बताया कि भारत में 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के लोगों की संख्या 2011 में लगभग 10 करोड़ थी, जिसके 2036 तक बढ़कर 23 करोड़ होने का अनुमान है।

उन्होंने कहा कि शहरीकरण, पलायन और परिवारों के बदलते स्वरूप के कारण विभिन्न पीढ़ियों के लोगों के बीच नियमित मेलजोल कम हुआ है तथा इससे बुजुर्गों के सामने अकेलेपन, कल्याणकारी योजनाओं की सीमित जानकारी और साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने जैसी चुनौतियां बढ़ी हैं।

यह अभियान ‘5सी’ मॉडल पर आधारित है, जिसमें ‘कनेक्ट’ (जुड़ना), ‘कन्वर्स’ (बातचीत करना), ‘को-क्रिएट’ (मिलकर कुछ तैयार करना), ‘कंट्रीब्यूट’ (योगदान देना) और ‘कंटिन्यू’ (जुड़ाव बनाए रखना) शामिल हैं। इसका उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी के जरिए विभिन्न पीढ़ियों के बीच संपर्क और संवाद लगातार बनाए रखना है।

भाषा सिम्मी वैभव

वैभव