Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सूखा राहत में देरी को लेकर राजस्थान सरकार पर निशाना साधा

जयपुर, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने किसानों को सूखा राहत देने में कथित देरी को लेकर बुधवार को राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर निशाना साधा और बाजरे के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने समेत वादों को पूरा करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए खेड़ा ने कहा कि ग्रामीण राजस्थान में किसान अनिश्चितता का सामना कर रहे हैं और सरकार पर उनका भरोसा कमजोर हो रहा है।

उन्होंने कहा, ''सरकार बाजरे के लिए एमएसपी देने का वादा करती है, लेकिन किसान इंतजार करते रह जाते हैं। अगर राहत समय पर किसानों तक नहीं पहुंचती है तो वे क्या करेंगे?''

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मीडिया एवं प्रचार विभाग के अध्यक्ष खेड़ा ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार में भ्रष्टाचार व्याप्त होने का आरोप लगाया और दावा किया कि मुख्यमंत्री के खिलाफ आरोपों की चर्चा दिल्ली में भी हो रही है।

शर्मा को ''पर्ची के जरिये नियुक्त मुख्यमंत्री'' बताते हुए खेड़ा ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ''डबल इंजन'' और ''ट्रिपल इंजन'' सरकार के नारों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन अब अस्तित्व में नहीं है और आने वाले दिनों में डबल इंजन भी खत्म हो जाएगा।

खेड़ा ने यह सवाल भी उठाया कि सत्तारूढ़ दल के नेता अपराध, तस्करी और लोकतंत्र जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए सड़कों पर क्यों उतर रहे हैं।

राष्ट्रीय मुद्दों पर बात करते हुए कांग्रेस नेता ने अरुणाचल प्रदेश में चीन की कथित घुसपैठ के बारे में जानकारी छिपाने का केंद्र सरकार पर आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष ने सरकार को चुनौती दी है कि वह राष्ट्रीय एकता का प्रदर्शन करने के लिए विपक्षी नेताओं और पत्रकारों को अरुणाचल प्रदेश ले जाए।

खेड़ा ने कहा, ''हम सभी वहां जाने के लिए तैयार हैं। हम दुनिया को दिखाना चाहते हैं कि अगर सरकार चीन के खिलाफ मजबूती से खड़ी होती है तो पूरा देश उसके साथ खड़ा होगा।''

वर्ष 2020 में गलवान घाटी में हुई झड़प में 20 भारतीय सैनिकों की मौत का उल्लेख करते हुए खेड़ा ने चीन के प्रति केंद्र सरकार के रुख और प्रधानमंत्री की उस देश की यात्राओं से मिले लाभ पर सवाल उठाए।

उन्होंने कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी निशाना साधा और केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी की राज्यसभा में वापसी पर सवाल उठाए।

खेड़ा ने दावा किया कि दिल्ली में विपक्ष की रैली से भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार घबरा गई है और आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री का अधिकार कमजोर हुआ है।

भाषा बाकोलिया जोहेब

जोहेब