नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा की बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को लवली पब्लिक स्कूल में छात्रा की मौत के संबंध में सूचना मिली।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि स्कूल ने पुलिस को जानकारी दी कि छात्रा को निर्माण विहार स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उनके मुताबिक, प्रारंभिक तफ्तीश के दौरान कक्षा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें छात्रा कक्षा में आने के कुछ सेंकेड बाद अचानक फर्श पर गिरती दिख रही है।
स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. भावना ने कहा कि छात्रा कक्षा में अपनी शिक्षिका के सामने खड़ी थी, तभी वह फर्श पर गिर गई।
उन्होंने कहा, 'हम तुरंत उसे पास के एक निजी अस्पताल में ले गए। उन्होंने हमें उसे किसी अन्य उच्च स्वास्थ्य केंद्र ले जाने के लिए कहा। हम उसे दूसरे अस्पताल में ले गए। हमारे स्टाफ सदस्यों ने उसके परिवार के सदस्यों को भी सूचित किया। अस्पताल ने हमें बताया कि लड़की को दिल का दौरा पड़ा था। पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।'
पुलिस ने बताया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।
अधिकारी ने बताया कि छात्रा के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाने हैं और सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नौ साल की लड़की कमरे के अंदर खड़ी दिखाई दे रही है। वह अपनी शिक्षिका के पास जाने की कोशिश करती है, तभी अचानक फर्श पर मुंह के बल गिर पड़ती है और बेहोश हो जाती है।
छात्रा को गिरता देख शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। इस दौरान कई अन्य छात्र भी लड़की के आसपास जमा हो जाते हैं। वहीं, कुछ बच्चे घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को देने के लिए कक्षा से बाहर भागते दिखाई देते हैं।
सीसीटीवी फुटेज में छात्रा के गिरने के तुरंत बाद के दृश्य दर्ज हुए हैं, जिसमें शिक्षिका और अन्य छात्र उसकी मदद करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश