मदुरै, चार नवंबर (भाषा) तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के वरिष्ठ नेता और तमिलनाडु सरकार में मंत्री आर. निर्मल कुमार ने बुधवार को आरोप लगाया कि आगामी चुनावों से पहले विपक्षी दल- द्रमुक और अन्नाद्रमुक उनकी पार्टी के विधायकों को अपने पाले में लाने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि टीवीके के विधायकों को न तो खरीदा जा सकेगा और न ही वे किसी दबाव में आएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतिद्वंद्वी दल विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त की कोशिशों के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च कर रहे हैं।
मंत्री ने आरोप लगाया, “उनमें से प्रत्येक के पास हजारों और लाखों करोड़ रुपये हैं, इसलिए वे ऐसी कोशिशें कर रहे हैं।”
उन्होंने कहा, “हमारा कोई भी विधायक पैसे लेकर कहीं नहीं जाएगा।”
उन्होंने दावा किया कि विधायकों को 60 करोड़ से 70 करोड़ रुपये तक के प्रस्ताव दिए जा रहे हैं और इन कोशिशों से जुड़े कथित अवैध हवाला धन के लेन-देन के मामले बेंगलुरु में सामने आने लगे हैं।
कुमार ने कहा, “बेंगलुरु में हवाला का पैसा पकड़ा जा रहा है। यह पता नहीं है कि उन्होंने बेंगलुरु से पैसा क्यों भेजा। जांच जारी है।”
टीटीवी दिनाकरन की राज्यपाल से मुलाकात समेत हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को खारिज करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) गुप्त रूप से मिलकर काम कर रहे हैं। इस बैठक में कथित तौर पर टीवीके सरकार के खिलाफ विधानसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की गई थी।
मंत्री ने पार्टी की चुनावी संभावनाओं पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि व्यापक जनसमर्थन के दम पर टीवीके आगामी सभी चुनावों, जिनमें निर्धारित उपचुनाव भी शामिल हैं, में 100 प्रतिशत जीत हासिल करेगी।
मंत्री ने कहा, “उन्हें जो करना है, करने दें। लेकिन शत प्रतिशत लोगों ने पक्का फैसला कर लिया है कि सिर्फ आज या अभी के लिए नहीं, बल्कि अगले 20-30 वर्षों तक यही सरकार बनी रहनी चाहिए। उन्होंने तय कर लिया है कि केवल (सी. जोसेफ) विजय ही मुख्यमंत्री होने चाहिए। इस बारे में कोई दूसरा मत नहीं है।”
भाषा तान्या वैभव
वैभव