नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) सलमान खान ने सैन्य पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में एक गीत को स्वर देकर 11 साल बाद पार्श्व गायन क्षेत्र में वापसी की है।
अपूर्व लाखिया की फिल्म के रोमांटिक गीत में सलमान के साथ चित्रांगदा सिंह ने भी अभिनय किया है। यह गाना बुधवार को जारी किया गया।
इस गाने को सलमान खान और मुस्कान ने आवाज दी है जबकि साजिद खान इसके संगीतकार और गीतकार हैं।
सलमान ने बुधवार तड़के अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर यह गाना साझा करते हुए लिखा, “रवाना होने का समय सुबह 5:12 बजे... उड़ान समय पर है...।”
वीडियो में चित्रांगदा लाल साड़ी में नृत्य करती नजर आ रही हैं, जबकि सलमान एक रिकॉर्डिंग स्टूडियो में अपने खास अंदाज में गाना गाते दिख रहे हैं।
संगीत वीडियो में दोनों कलाकार एक साथ नृत्य करते हुए भी नजर आ रहे हैं।
सलमान की आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का नाम पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ था। फिल्म की रिलीज की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
सलमान ने पहली बार 1999 में प्रदर्शित फिल्म ‘हैलो ब्रदर’ के गीत ‘चांदी की डाल पर सोने का मोर’ में अपनी आवाज दी थी।
इसके बाद उन्होंने कई गीतों को अपनी आवाज दी, जिनमें फिल्म ‘वांटेड’ का ‘मोस्ट वांटेड ट्रैक’, फिल्म ‘किक’ का ‘हैंगओवर’ और ‘तू ही तू’ तथा ‘है यही जिंदगी’ शामिल हैं।
उन्होंने आखिरी बार 2015 में प्रदर्शित फिल्म ‘हीरो’ के गीत ‘मैं हूं हीरो तेरा’ को अपनी आवाज दी थी।
भाषा तान्या अविनाश
अविनाश