कोलकाता, चार नवंबर (भाषा) मध्य कोलकाता में बुधवार को वरिष्ठ पुलिस एवं अग्निशमन सेवा अधिकारियों और पश्चिम बंगाल के अग्निशमन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी के निरीक्षण के दौरान काली पूजा के लिए निर्मित पंडाल और मंच के निर्माण में अनियमितताएं पाई गईं।
कोलकाता के पुलिस आयुक्त अजय नंद, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा महानिदेशक अनुज शर्मा और मंत्री ने जानबाजार काली पूजा पंडाल का दौरा किया, ताकि वहां निर्माण एवं सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की खामी की जांच की जा सके।
यह निरीक्षण ऐसे समय में हुआ है जब पिछले महीने चोरबागन दुर्गा पूजा के दौरान भगदड़ मचने के बाद से त्योहारों के पंडालों की कड़ी निगरानी की जा रही है और सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
चोरबागन दुर्गा पूजा के दौरान भगदड़ मचने से 19 लोगों की जान चली गयी थी।
चौधरी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हमने पाया कि एस एन बनर्जी रोड की तरफ पंडाल की ऊंचाई बहुत अधिक है, जो सुरक्षा मानकों से कहीं ज्यादा है। इसके अलावा, सड़क पर पंडाल के पास बने मंच में भी कुछ कमियां मिली हैं, जिससे यातायात में बाधा आ सकती है।’’
शर्मा ने कहा कि विभाग ने पूजा आयोजकों से जरूरी सुधार करने को कहा है।
इन टिप्पणियों पर पूजा समिति के पदाधिकारी और तृणमूल कांग्रेस के ऋतब्रत बनर्जी खेमे के विधायक संदीपन साहा ने कहा कि जानबाजार में पूजा कई सालों से इसी तरह होती आ रही है और पहले कभी इसमें कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई।
उन्होंने कहा, ‘‘सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच हमेशा से सड़क के किनारे इस तरह लगाया जाता रहा है कि यातायात में कोई रुकावट न आए। पूरा कार्यक्रम दो घंटे तक चलेगा। वैसे भी, हम सरकार के निर्देशों का पालन करेंगे।’’
टीम ने मैदान क्षेत्र में पटाखा बाजार का भी निरीक्षण किया।
भाषा
राजकुमार माधव
माधव