नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) एमके सन्स फाइन ज्वेल्स लिमिटेड का शेयर बुधवार को बाजार में सूचीबद्ध होने के बाद निर्गम मूल्य से मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।
बीएसई पर शेयर 171.60 रुपये प्रति शेयर पर सूचीबद्ध हुआ, जो 162 रुपये के निर्गम मूल्य से 5.92 प्रतिशत की बढ़त दर्शाता है। कारोबार के दौरान यह 7.96 प्रतिशत चढ़कर 174.90 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंचा। हालांकि, शेयर अपनी शुरुआती तेजी बरकरार नहीं रख सका और 162.20 रुपये पर बंद हुआ। यह निर्गम मूल्य से मामूली 0.12 प्रतिशत की बढ़त है।
एनएसई पर शेयर ने 171 रुपये पर कारोबार की शुरुआत की, जो निर्गम मूल्य से 5.55 प्रतिशत अधिक था। हालांकि, यह शुरुआती बढ़त बरकरार नहीं रख सका और 162.20 रुपये पर बंद हुआ।
बीएसई पर कंपनी का बाजार मूल्यांकन 913.04 करोड़ रुपये रहा।
एमके सन्स फाइन ज्वेल्स लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को पिछले सप्ताह शुक्रवार को बोली के अंतिम दिन तक 5.09 गुना अभिदान मिला था। कंपनी के 275 करोड़ रुपये के आईपीओ का मूल्य दायरा 153-162 रुपये प्रति शेयर था।
कंपनी नए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि का इस्तेमाल महाराष्ट्र में नया शोरूम खोलने, गुजरात में मौजूदा शोरूम का विस्तार करने, कुछ कर्ज चुकाने या समय से पहले भुगतान करने और सामान्य कारोबारी उद्देश्यों के लिए करेगी।
वर्ष 2012 में स्थापित एमके सन्स फाइन ज्वेल्स लिमिटेड आभूषणों के डिजाइन, विनिर्माण और खुदरा बिक्री के कारोबार में है।
भाषा निहारिका अजय
अजय