नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) दिल्ली में 'डेटिंग ऐप' के जरिए संपर्क में आई एक लड़की एक युवक को मुखर्जी नगर के एक कैफे में ले गई जहां उसे 26 हजार रुपये का बिल कथित रूप से भरने के लिए मजबूर किया गया। पुलिस ने मामले में कैफे मालिक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कैफे मालिक जावेद (38) और अनुज कुमार (24) के रूप में हुई है। दोनों उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के रहने वाले हैं।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि बिहार में पश्चिमी चंपारण निवासी शिकायतकर्ता जैद अहमद की एक नवंबर को डेटिंग ऐप के जरिए सान्या नाम की युवती से मुलाकात हुई थी और युवती ने उसे जीटीबी नगर मेट्रो स्टेशन के पास बुलाया। अधिकारी ने कहा कि युवती बाद में युवक को हडसन लेन स्थित ‘ब्लैक पैंथर कैफे’ ले गई।
शिकायत के अनुसार, कैफे में युवती ने खाने-पीने की चीजों के अलावा 'व्हिस्की' का ऑर्डर दिया। कुछ समय बाद युवक को करीब 26 हजार रुपये का हस्तलिखित बिल थमा दिया गया और बिल की राशि पर सवाल उठाने पर कैफे मालिक और कर्मचारियों ने उस पर तत्काल भुगतान करने का दबाव बनाया।
पुलिस ने बताया कि युवक को कैफे से बाहर जाने से रोका गया और तीन-चार लोगों ने धमकाकर भुगतान करने के लिए मजबूर किया। अधिकारी के मुताबिक, युवक ने अपने पिता से संपर्क किया, जिन्होंने ऑनलाइन पैसे भेजे जिसके बाद भुगतान होने पर उसे जाने दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुखर्जी नगर थाने में एक नवंबर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस के अनुसार, मामले में सान्या उर्फ निकिता की तलाश जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों की पूर्व में कोई अन्य आपराधिक संलिप्तता नहीं मिली है।
भाषा नोमान नोमान पवनेश
पवनेश