Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

एचडीएफसी बैंक की ‘परिवर्तन’ पहल से कश्मीर के किसानों की आमदनी बढ़ी

श्रीनगर, चार नवंबर (भाषा) एचडीएफसी बैंक ने अपने कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) कार्यक्रम ‘परिवर्तन’ के तहत कश्मीर में कृषि आजीविका को बढ़ावा देने के लिए कई पहल की हैं। इनमें खेती के बेहतर तरीकों को अपनाने, खाद्य प्रसंस्करण अवसंरचना के विकास और किसानों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया है।

इन पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। इससे कृषि उत्पादन बढ़ा है और किसानों की आमदनी में सुधार हुआ है। इस पहल के तहत सहायता प्राप्त कृषक उत्पादक संगठनों (एफपीओ) की कुल आय 5.2 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। इनमें से एक एफपीओ ने 1.4 करोड़ रुपये आय अर्जित की है।

इस पहल के तहत समरकाश नाम से एक ब्रांड भी शुरू किया गया है। इसके माध्यम से भाग लेने वाले एफपीओ ब्रांडिंग, पैकेजिंग और बाजार संपर्क की मदद से अपने प्रसंस्कृत कृषि उत्पादों की बिक्री करते हैं।

एचडीएफसी बैंक की सीएसआर प्रमुख नुसरत पठान ने यहां कहा, ‘‘परिवर्तन कार्यक्रम के माध्यम से हम अपने सहयोगियों के साथ मिलकर खेती के तरीकों में सुधार, खाद्य प्रसंस्करण ढांचे को समर्थन देने और बाजारों तक किसानों की पहुंच मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं।’’

पहल के लाभार्थी और पंपोर के केसर उत्पादक जावेद अहमद ने कहा कि एचडीएफसी बैंक के परिवर्तन कार्यक्रम के तहत मिले प्रशिक्षण और सहायता से उन्होंने अपनी उपज का प्रसंस्करण, ग्रेडिंग और पैकेजिंग करना सीखा है। इसके अलावा, वे सीधे खरीदारों से संपर्क कर अपने उत्पादों का विपणन भी कर पा रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज हम अपने केसर को अपनी शर्तों पर बाजार तक पहुंचाने के लिए पहले से बेहतर ढंग से तैयार हैं।’’

भाषा यासिर अजय

अजय