Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

लोजपा-आरवी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले जमीनी मूल्यांकन में जुटी, उसकी नजर पूर्वी उप्र पर

(आदित्य देव)

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव लड़ने का मन बना चुकी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ऐसे निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करने से पहले जमीनी स्तर पर अपनी संगठनात्मक शक्ति एवं जनाधार का मूल्यांकन करने में जुट गयी है जहां से वह प्रत्याशी खड़ा कर सकती है।

पार्टी राज्य भर में 'नव संकल्प महासभाएं’ करेगी जिसकी शुरुआत पांच नवंबर को वाराणसी से होगी।

पार्टी के इस कदम का उद्देश्य उन निर्वाचन क्षेत्रों की पहचान करना है, जहां पार्टी की स्थानीय स्तर पर मजबूत पकड़ है।

ये संभाएं अलग-अलग मंडलों में आयोजित की जाएंगी, जिनमें संबंधित मंडलों के सभी जिले शामिल होंगे।

पार्टी का ध्यान पूर्वी उत्तर प्रदेश पर खास तौर पर है, जहां वह दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा), समाजवादी पार्टी (सपा) और अन्य क्षेत्रीय दलों की मौजूदगी के बीच, लोजपा-आरवी को इस क्षेत्र में अपना जनाधार बढ़ाने का मौका दिख रहा है।

लोजपा-आरवी अगले साल के आरंभ में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को देखते हुए राज्य में अपना संगठन मजबूत करने के लिए पिछले कई सालों से काम कर रही है।

बिहार के जमुई से पार्टी सांसद और उत्तर प्रदेश के पार्टी मामलों के प्रभारी अरुण भारती, इसके मुख्य रणनीतिकार रहे हैं।

उन्होंने पार्टी के संगठनात्मक नेटवर्क को मजबूत करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं के साथ कई बैठकें की हैं।

भारती ने वाराणसी में पहली 'नव संकल्प महासभा' की तैयारियों का जायजा लेने के लिए एक नवंबर को समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को सुझाव दिए।

पांच नवंबर को यह रैली वाराणसी के जगतपुर इंटर कॉलेज में होगी, जहां पार्टी अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान लोगों, पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। वह लोजपा-आरवी के उद्देश्यों और उत्तर प्रदेश के लिए प्रस्तावित घोषणापत्र की मुख्य रूपरेखा के बारे में भी बताएंगे।

पार्टी उत्तर प्रदेश चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के एक घटक के रूप में हिस्सा लेने की अपनी मंशा प्रकट कर चुकी है।

लोजपा-आरवी केंद्र में भाजपा नीत राजग सरकार की एक अहम सहयोगी है और बिहार में भी सत्ताधारी गठबंधन का हिस्सा है।

उत्तर प्रदेश में अपनी संगठनात्मक ताकत और जनाधार का आकलन करने के बाद, पार्टी अपने सहयोगियों के साथ सीटों के बंटवारे पर बातचीत करेगी।

पार्टी उत्तर प्रदेश में भी वैसी ही तैयारी कर रही है, जैसी उसने 2025 के बिहार चुनावों से पहले की थी।

भाषा राजकुमार मनीषा

मनीषा