Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दिल्ली : मयूर विहार के निजी स्कूल की नौ वर्षीय छात्रा की मौत

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में तीसरी कक्षा की नौ वर्षीय छात्रा की बुधवार को मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को लवली पब्लिक स्कूल में बच्ची की मौत के संबंध में सूचना मिली।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जानकारी दी गई कि बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

उनके मुताबिक, प्रारंभिक तफ्तीश के दौरान कक्षा के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जिसमें बच्ची कक्षा में आने के कुछ सेंकेड बाद अचानक फर्श पर गिरती दिख रही है।

पुलिस ने बताया कि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।

अधिकारी ने बताया कि बच्ची के माता-पिता और स्कूल के संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाने हैं और सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में नौ साल की बच्ची कमरे के अंदर खड़ी दिखाई दे रही है। वह अपनी शिक्षिका के पास जाने की कोशिश करती है, तभी अचानक फर्श पर मुंह के बल गिर पड़ती है और बेहोश हो जाती है।

बच्ची को गिरता देख शिक्षिका तुरंत उसके पास पहुंचती हैं और उसे उठाकर कुर्सी पर बैठाने की कोशिश करती हैं। इस दौरान कई अन्य छात्र भी बच्ची के आसपास जमा हो जाते हैं। वहीं, कुछ बच्चे घटना की जानकारी स्कूल प्रशासन को देने के लिए कक्षा से बाहर भागते दिखाई देते हैं।

सीसीटीवी फुटेज में बच्ची के गिरने के तुरंत बाद के दृश्य दर्ज हुए हैं, जिसमें शिक्षिका और अन्य छात्र उसकी मदद करने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।

भाषा नोमान नोमान पवनेश

पवनेश