Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

जम्मू-कश्मीर : उपमुख्यमंत्री चौधरी ने भाजपा पर नेकां को कमजोर करने की कोशिश का आरोप लगाया

जम्मू, चार नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने बुधवार को भाजपा पर आगा रुहुल्ला को गुमराह करने और नेशनल कॉन्फ्रेंस (नेकां) को कमजोर करने तथा उसमें फूट डालने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

सैयद आगा रुहुल्ला मेहदी ने मंगलवार को लोकसभा की सदस्यता और नेशनल कॉन्फ्रेंस से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने पार्टी नेतृत्व, विशेष रूप से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पर जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा बहाल कराने के अपने वादों से मुकरने का आरोप लगाया। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि क्षेत्रीय पार्टी में अंदरूनी मतभेद से उसका कोई लेना-देना नहीं है।

10 विधायकों में असंतोष और रुहुल्ला के सांसद पद तथा पार्टी से इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने कहा कि भाजपा को अपनी भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए, खासकर अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेता राम माधव की टिप्पणियों के मद्देनजर।

चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘आगा रुहुल्ला के इस्तीफे के तुरंत बाद भाजपा नेता राम माधव ने बयान दिया कि आगा साहब के कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी लोग उनके अपने लोग हैं। फिर आप हमसे ये सवाल क्यों पूछ रहे हैं? जाइए, और भाजपा के नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा से पूछिए।’’

भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी ने रुहुल्ला को गुमराह किया, जबकि वह एक अच्छे और सम्मानित व्यक्ति हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आगा साहब एक अच्छे और सम्मानित व्यक्ति थे। भाजपा ने उन्हें गुमराह किया और कल भाजपा ने खुद कहा कि आगा साहब उनके आदमी थे। मैं यह नहीं कह रहा हूं, बल्कि राम माधव ने खुद यह बात कही है।’’

चौधरी ने सवाल उठाया कि अगर राम माधव के दावे के मुताबिक रुहुल्ला के कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोग भाजपा से जुड़े थे, तो रुहुल्ला नेशनल कॉन्फ्रेंस से कैसे जुड़े हो सकते हैं?

जब एक संवाददाता ने कहा कि राम माधव ने रुहुल्ला के साथ मिलकर सरकार बनाने की संभावना से इनकार किया है, तो उपमुख्यमंत्री ने भाजपा से अपना रुख स्पष्ट करने को कहा।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर आगा साहब आपके अपने आदमी थे, तो आप यह सब नाटक क्यों कर रहे थे? भाजपा हमेशा नाटक करने में लगी रहती है।’’

पूर्व मुख्यमंत्री गुलाम नबी आजाद, आगा रुहुल्ला और सांसद इंजीनियर राशिद को लेकर किसी नए राजनीतिक गठबंधन के गठन की अटकलों के बारे में पूछे जाने पर चौधरी ने सवाल को खारिज कर दिया। उन्होंने संवाददाता से कहा, ‘‘आप कब से उनके प्रवक्ता बन गए? आपको कब से पता चलने लगा कि वे क्या योजना बना रहे हैं?’’

उन्होंने मीडिया से देश के बाकी हिस्सों में हो रहे घटनाक्रमों पर भी ध्यान देने का आग्रह किया।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राम माधव ने मंगलवार को कहा था कि बडगाम में रुहुल्ला की रैली ‘‘हमारे लोगों’’ के आशीर्वाद से हुई थी। इस पर नेशनल कॉन्फ्रेंस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था, ‘‘इससे यह स्पष्ट हो गया कि विधायक के पास भाजपा के खिलाफ कहने के लिए कुछ भी क्यों नहीं था।’’

जम्मू-कश्मीर में 2015-2016 के दौरान पीडीपी-भाजपा सरकार के गठन में अहम भूमिका निभाने वाले माधव ने कहा, ‘‘मैं इस मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहूंगा, लेकिन आज नेशनल कॉन्फ्रेंस में स्पष्ट रूप से फूट नजर आ रही है। रुहुल्ला आज हमारे लोगों के आशीर्वाद से रैली कर रहे हैं।’’

इससे पहले, चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत 1,164.06 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से कुल 495.48 किलोमीटर लंबी 68 सड़कों की आधारशिला रखी।

जम्मू के सांसद और विधायकों की मौजूदगी में इन सड़कों की आधारशिला रखी गई। यह परियोजना क्षेत्र, विशेषकर ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में सड़क संपर्क मजबूत करने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

भाषा तान्या मनीषा

मनीषा