Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

मान सरकार की आधी लगाम शाह और आधी केजरीवाल के हाथ में: राहुल

संगरूर, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब विधानसभा चुनाव का आगाज करते हुए भारतीय जनता पार्टी और आम आदमी पार्टी पर तीखा हमला बोला और आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार की आधी लगाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तथा आधी अरविंद केजरीवाल के हाथ में है।

उन्होंने पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या को सबसे बड़ा मुद्दा करार दिया और कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त करना है तो मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता।

संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने सत्ता में आने से पहले पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा किया था, लेकिन राज्य के किसी भी कोने से नशा खत्म नहीं हुआ है।

उन्होंने ‘चिट्टा’ (नशा) को सबसे बड़ा मुद्दा बताया और कहा, ‘‘पंजाब ने भगवंत मान और आम आदमी पार्टी पर भरोसा किया। उनका वादा राज्य को नशा मुक्त करने का था। मैं पूछना चाहता हूं कि पंजाब के किस कोने से नशा खत्म हुआ है। ये नशा नहीं हटा सकते हैं।’’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने भगवंत मान के लोकसभा सदस्य रहने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘भगवंत मान लोकसभा में हमारे पास बैठकर चुटकुले सुनाते थे। सुबह 11 बजे उनके मुंह से शराब की बू आती है। अगर वह शराब पीना चाहते हैं तो यह उनका निजी मामला है, लेकिन अगर आप नशे से लड़ना चाहते हैं तो आपका मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता है।’’

राहुल गांधी ने कहा कि पंजाब को ऐसे मुख्यमंत्री की जरूरत है जो राज्य के लिए संघर्ष करे और पंजाब के लोगों का दर्द समझे।

उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान ने किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने, महिलाओं के खातों में चार साल तक पैसे भेजने और पंजाब को नशा मुक्त करने का वादा किया था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया।

उनका कहना था कि पंजाब की रीढ़ किसान हैं और जब तक राज्य में खेती तथा उद्योग मजबूत नहीं होंगे, तब तक गैंगस्टरों और नशे के खिलाफ लड़ाई नहीं लड़ी जा सकती।

गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस ही किसानों की रक्षा करने के साथ-साथ पंजाब में उद्योगों को फिर से मजबूत कर सकती है।

कांग्रेस नेता ने पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सोच ने मूसेवाला को गोली मारी थी, वही सोच आज पूरे पंजाब में फैल गई है।

उन्होंने दावा किया कि पंजाब के लिए काम करने वालों को डराया-धमकाया जाता है और सरेआम गोली मार दी जाती है।

राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर भी निशाना साधा और कहा कि शाह ने पंजाब में तीन साल के भीतर नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन केंद्र की सरकार तो एक साल में ही निपट जाएगी।

उन्होंने सवाल किया कि गुजरात में उद्योगपति गौतम अदाणी के बंदरगाह पर मादक पदार्थ पकड़े गए थे, लेकिन इस मामले में अमित शाह ने क्या कार्रवाई की।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शाह कानून-व्यवस्था की बात करते हैं, लेकिन उन्होंने गैंगस्टर पाल रखे हैं।

उन्होंने कहा कि यदि शाह को कानून-व्यवस्था की बात करनी है तो उन्हें मणिपुर का भी जिक्र करना चाहिए।

राहुल गांधी ने पंजाब सरकार के संचालन को लेकर भी आम आदमी पार्टी पर हमला बोला।

उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकार दिल्ली से नहीं, बल्कि पंजाब से ही चलनी चाहिए।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी पंजाब की सरकार को पंजाब से चलाती है। हमारा पंजाब का मुख्यमंत्री पंजाब को चलाता है। अगर कांग्रेस पार्टी जीतती है तो कांग्रेस मुख्यमंत्री चुनती है और कहती है कि आप पंजाब को चलाओ।’’

गांधी ने आरोप लगाया कि पंजाब की मौजूदा सरकार की आधी लगाम अमित शाह और आधी अरविंद केजरीवाल के हाथ में है तथा राज्य को दिल्ली से चलाया जा रहा है।

उन्होंने राज्य की जनता का आह्वान किया कि वे पंजाब की तरक्की और नशा खत्म करने के लिए कांग्रेस को सत्ता में लाएं।

भाषा हक माधव

माधव