नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) भारतीय निशानेबाजी दल को दोहा आईएसएसएफ विश्व चैम्पियनशिप के दौरान करारा झटका लगा जब राइफल निशानेबाज शांभवी क्षीरसागर को 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा से अयोग्य करार दिया गया ।
प्रतियोगिता में भाग ले रही 63 टीमों (126 निशानेबाजों) में से सिर्फ भारतीय जोड़ी पार्थ माने और शांभवी को ही अयोग्य करार दिया गया । पांच महीने में दूसरी बार शांभवी उपकरण संबंधी नियमों के उल्लंघन की दोषी पाई गई हैं । इससे पहले जून में जर्मनी में जूनियर विश्व चैम्पियनशिप के दौरान भी वह इसी तरह अयोग्य करार दी गई थी ।
दोहा विश्व चैम्पियनशिप से 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक के क्वालीफिकेशन चक्र की शुरूआत भी होगी । मिश्रित टीम वर्ग में ओलंपिक कोटा नहीं मिलेंगे और कोटे सिर्फ व्यक्तिगत श्रेणी में उपलब्ध हैं ।
यह अयोग्यता आईएसएसएफ नियम 6.7.9.1.ए के तहत है जो राइफल निशानेबाजों द्वारा पहने जाने वाले कपड़ों की कठोरता से संबंधित है। वे विशेष रूप से डिजाइन की गई कठोर जैकेट और ट्राउजर का उपयोग करते हैं, जिन्हें आमतौर पर 'शूटिंग सूट' कहा जाता है। इनका उद्देश्य शरीर को स्थिर रखना, मांसपेशियों की हलचल को कम करना और लंबी प्रतियोगिताओं के दौरान राइफल के वजन को संभालने में मदद करना है।
इस नियम का उल्लंघन करने पर खिलाड़ी को प्रतियोगिता से तुरंत अयोग्य करार दिया जाता है ।
आईएसएसएफ ने स्कोर शीट पर लिखा ,‘‘ खिलाड़ी 1598 शांभवी क्षीरसागर (भारत) आईएसएसएसफ नियम 6.7.9.1.ए के तहत अयोग्य करार ।’’
शांभवी की मां ने पीटीआई को बताया कि राष्ट्रीय शिविर के दौरान भी यह मसला उठा था लेकिन कोच ने आश्वासन दिया था कि किट उपकरण जांच में खरी उतरेगी ।
उन्होंने कहा ,‘‘ शांभवी ने लगभग एक महीने पहले नयी किट खरीदी थी जिसमें एक समस्या थी। इसे पहले ही काटा जा चुका था और यह ठीक से फिट भी आ रही थी। दोहा में भी इसे दो बार चेक किया गया था। लेकिन प्रतियोगिता से पहले पता चला कि यह ठीक से फिट नहीं आ रही है, इसलिए उनके साथ मौजूद कोच दीपाली देशपांडे ने इसे और काटा, ताकि यह नियमों के अनुरूप हो सके।’’
उन्होंने कहा ,‘‘ औचक जांच में उसे अयोग्य करार दिया गया । इससे पहले जून में जर्मनी में भी ऐसा ही हुआ था । राष्ट्रीय शिविर में राइफल कोच मनोज कुमार ने आश्वस्त किया था कि चिंता की कोई बात नहीं है और किट टेस्ट में सही साबित होगी । दोहा पहुंचने के बाद हालांकि ऐसा हुआ नहीं ।’’
भाषा मोना सुधीर
सुधीर