चेन्नई, चार नवंबर (भाषा) अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) 2027 में भारत के 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों में 21 अंतरराष्ट्रीय जूनियर टेनिस टूर्नामेंट आयोजित करेगा।
इन टूर्नामेंट का उद्देश्य देश के खिलाड़ियों को घरेलू कोर्ट पर ही विश्व रैंकिंग अंक हासिल करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव प्राप्त करने के अधिक मौके उपलब्ध कराना है।
टूर्नामेंट का यह कैलेंडर चार जनवरी से शुरू होगा और 29 नवंबर तक चलेगा। इसमें जे100 स्तर और उससे ऊपर के छह टूर्नामेंट शामिल होंगे। इनमें नयी दिल्ली में जे300, चंडीगढ़ और कोलकाता में जे200 तथा पुणे में जेबी1 स्तर का टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में तीन जे100, पांच जे60 और नौ जे30 स्तर के टूर्नामेंट भी शामिल हैं। इसके अलावा अमृतसर और तिरुवनंतपुरम में पहली बार नए जे30 टूर्नामेंट आयोजित किए जाएंगे।
इन 21 टूर्नामेंट के जरिए विभिन्न श्रेणियों में एकल स्पर्धा के विजेताओं को कुल 1,870 विश्व रैंकिंग अंक हासिल करने का मौका मिलेगा। ये टूर्नामेंट देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित किए जाएंगे जिनमें गुवाहाटी, इंदौर, देहरादून, रायपुर, भुवनेश्वर, लखनऊ, चेन्नई, मदुरै, हैदराबाद, बेंगलुरु, अहमदाबाद और जयपुर जैसे शहर शामिल हैं।
भाषा नमिता मोना
मोना