जम्मू, चार नवंबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर के दुरबाल-बेमिना इलाके में आग लगने की घटना में दो लोगों की मौत पर बुधवार को दुख जताया और मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात बेमिना इलाके की एक झुग्गी बस्ती में आग लगने से कबाड़ बीनने वाले दो लोगों की जलकर मौत हो गई। आग रात 12 बजकर 23 मिनट पर लगी और इसने तिरपाल तथा लकड़ी से बने करीब 80 अस्थायी आश्रयों को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतकों की पहचान मोहम्मद नूर आलम (27) और अल अमीन (16) के रूप में हुई है। दोनों दिल्ली के रहने वाले थे और क्रमश: दुरबाल तथा कुपवाड़ा में रहते थे।
अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने प्रभावित परिवारों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के लिए शीघ्र कदम उठाने पर जोर दिया।
भाषा नरेश
नरेश