कोलकाता, चार नवंबर (भाषा) मीडिया समूह सन्मार्ग प्राइवेट लिमिटेड ने तहलका.कॉम प्राइवेट लिमिटेड की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी का अधिग्रहण कर लिया है। इसके साथ ही समूह ने पत्रिका क्षेत्र में कदम रखा है और डिजिटल मीडिया जगत में अपनी मौजूदगी मजबूत की है।
प्रमुख हिंदी दैनिक का प्रकाशन करने वाले इस समूह ने कहा कि वह खोजी पत्रकारिता के लिए पहचाने जाने वाले प्रकाशन में और निवेश करने की योजना बना रहा है।
इस पुनरुद्धार के तहत समूह तहलका को पाक्षिक से साप्ताहिक पत्रिका में बदलने की योजना बना रहा है। हालांकि, इसका प्रकाशन प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में जारी रहेगा।
तहलका को वर्ष 2000 के दशक की शुरुआत में भारत में स्टिंग पत्रकारिता की अग्रणी भूमिका के लिए पहचाना जाता था।
सन्मार्ग ने बुधवार को बयान में कहा कि यह अधिग्रहण पिछले महीने उन निवेशकों के समूह से पूरा किया गया, जिसके पास 2017 से तहलका.कॉम का स्वामित्व था।
अरविंद चतुर्वेदी को प्रकाशन का नया प्रधान संपादक नियुक्त किया गया है।
भाषा यासिर अजय
अजय