Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

दिल्ली : यातायात नियंत्रक बनकर 45 लाख रुपये के सोने के गहने चुराने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

नयी दिल्ली, चार नवंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने करोल बाग इलाके में यातायात नियंत्रक बनकर एक व्यक्ति का ध्यान भटकाने के बाद उसके बैग से करीब 45 लाख रुपये कीमत के सोने के गहने चुराने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार को बताया कि आरोपियों के पास से चोरी किए गए लगभग 400 ग्राम सोने के गहने बरामद कर लिए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों की पहचान आनंद पर्वत निवासी भारत (27), कपिल उर्फ राहुल (33) और काव्या आर्यन सैनी उर्फ भांजा (22) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता एक नवंबर को बेअडनपुरा स्थित जौहरी की दुकान से करीब 400 ग्राम सोने के गहने लेने गया था और शाम करीब छह बजे गहने लेने के बाद उसने उन्हें अपनी मोटरसाइकिल के पीछे लटके बैग में रखा और ब्रिटानिया चौक स्थित अपने कार्यालय के लिए रवाना हो गया।

उन्होंने कहा कि कार्यालय पहुंचने पर उसने देखा कि बैग की चेन खुली हुई थी और गहने गायब थे।

इस संबंध में करोल बाग थाने में ई-प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आसपास के इलाकों की सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जिनसे पता चला कि तीन आरोपियों ने बैंक स्ट्रीट, बेअडनपुरा के चौराहे पर वारदात को अंजाम दिया था।

उनके मुताबिक इनमें से एक ने यातायात नियंत्रक बनकर शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल रुकवाई, दूसरे ने बैग खोलकर गहने निकाल लिए, जबकि तीसरे ने उन्हें मदद दी।

अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने स्थानीय खुफिया सूचना और आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर दो आरोपियों की पहचान की और मंगलवार को आनंद पर्वत इलाके से उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

उन्होंने बताया कि पूछताछ में उनके तीसरे साथी की पहचान हुई, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को निशाना बनाते थे। वे यातायात नियंत्रक बनकर लोगों का ध्यान भटकाते और उनके बैग से नकदी, मोबाइल फोन तथा गहने चुरा लेते थे।

पुलिस ने बताया कि कपिल आनंद पर्वत थाने का बुरे चरित्र का व्यक्ति है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, शस्त्र अधिनियम तथा चोरी समेत 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं। भारत भी हत्या और चोरी समेत कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है।

भाषा नोमान नोमान मनीषा

मनीषा