संगरूर, चार नवंबर (भाषा) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिवंगत पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को याद करते हुए बुधवार को कहा कि उनके साथ जो हुआ, वह आज पंजाब में ‘फैशन’ बन चुका है और जिस सोच ने उनकी हत्या की, वही सोच अब राज्य के हर कोने में फैल चुकी है।
गांधी ने संगरूर में कांग्रेस की ‘इंसाफ रैली’ को संबोधित करते हुए कहा कि सिद्धू मूसेवाला एक प्रतिभाशाली और ऊर्जावान युवा थे तथा उनके भीतर पंजाब की आवाज थी, जिसे वह अपने गानों के माध्यम से दुनिया के सामने रखते थे।
जब वह इस बात का जिक्र कर रहे थे तो उन्होंने सिद्धू मूसेवाला के पिता को अपने पास बुलाया।
कांग्रेस नेता ने कहा कि जब वह पहली बार मूसेवाला से मिले थे, तब उन्हें उनके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी।
उन्हें बताया गया था कि वह संगीतकार और एक अच्छे लड़के हैं तथा कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं।
राहुल गांधी ने कहा, ‘‘जब मैंने उनका गाना '295' सुना, तब मुझे पता चला कि पंजाब का एक बेहतरीन संगीतकार राजनीति में आ रहा है।''
उन्होंने कहा कि मूसेवाला पंजाब के लिए बड़े काम कर सकते थे, क्योंकि उनके अंदर पंजाब की आवाज थी और वह अपने गीतों के जरिए इसे दुनिया तक पहुंचाते थे।
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि मूसेवाला को धमकियां मिल रही थीं, इसके बावजूद उनकी सुरक्षा हटा दी गई और एक दिन सरेआम दिनदहाड़े उनकी हत्या कर दी गई।
राहुल गांधी ने कहा, ''जो सिद्धू मूसेवाला के साथ हुआ, वह पंजाब में फैशन बन चुका है। जिस सोच ने सिद्धू मूसेवाला को मार डाला, वही सोच आज पंजाब के हर कोने में फैल चुकी है।''
भाषा हक पवनेश
पवनेश