चंडीगढ़, चार नवंबर (भाषा) प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सरकारी संपत्ति पर कब्जे और अन्य आरोपों से जुड़े धन शोधन मामले की जांच के सिलसिले में आम आदमी पार्टी (आप) की पंजाब से विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा और उनके परिवार के परिसरों पर बुधवार को छापेमारी की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस कार्रवाई के तहत कुल सात जगहों पर छापेमारी की गई, जिनमें कौर अरोड़ा का आवास भी शामिल है। विधायक पेशे से चिकित्सक हैं और पंजाब में आम आदमी पार्टी (आप) की महिला शाखा की अध्यक्ष भी हैं।
ईडी की टीम ने उनके परिवार के कुछ सदस्यों, सहयोगियों और अन्य लोगों से जुड़े परिसरों की भी तलाशी ली। इनमें उनके पति डॉ. राकेश अरोड़ा से जुड़ा एक नशामुक्ति अस्पताल भी शामिल है। तलाशी के दौरान ईडी की टीम के साथ केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के सशस्त्र जवान भी मौजूद थे।
हाल में ‘आप’ ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए मोगा सीट से कौर अरोड़ा को फिर से उम्मीदवार बनाया है।
धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दर्ज ईडी का यह मामला पंजाब पुलिस की जून 2024 की उस प्राथमिकी से संबद्ध है जिसमें राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 754ए के लिए अधिग्रहित सरकारी भूमि के फर्जी दाखिल-खारिज और मोगा जिले में मुआवजे के गलत वितरण का आरोप लगाया गया था।
भाषा सुरभि पवनेश
पवनेश