Breaking News

'दिल्ली की हवा में 30 सिगरेट पीने जैसा जोखिम झेल रहे लोग', प्रदूषण पर SC ने कहा     |   UP पुलिस को मिले 4,543 नए दरोगा, CM योगी ने बांटे नियुक्ति पत्र     |   पटना में पुलिस-STF का बड़ा एक्शन, मुठभेड़ में 3 अपराधी ढेर     |   योगी सरकार का बड़ा फैसला, आपदा में मौत पर अब परिवार को मिलेंगे 8 लाख रुपये     |   हिमाचल प्रदेश में तड़के सुबह भूकंप के झटके, चंबा में दर्ज हुई 3.2 तीव्रता     |  

राहुल गांधी ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं, मोदी लोगों का दिल जीत रहे हैं : हिमंत

पूर्णिया, चार नवंबर (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि जहां कांग्रेस नेता राहुल गांधी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ‘‘वोट चोरी’’ का आरोप लगाते रहते हैं, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देशभर में लोगों का दिल जीत रहे हैं और उनका समर्थन हासिल कर रहे हैं।

शर्मा बिहार के पूर्णिया जिले में भाजपा के राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा से पहले संवाददाताओं से बात कर रहे थे। भाजपा ने यह अभियान विपक्ष द्वारा ‘‘वोट चोरी’’ और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में ‘‘गड़बड़ियों’’ के आरोप लगाए जाने के विरोध में शुरू किया है।

असम के मुख्यमंत्री शर्मा ने राहुल गांधी को ‘पराजित राजनेता का आदर्श’ बताते हुए आरोप लगाया कि चुनाव हारने के बाद वह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और एसआईआर को लेकर लगातार शिकायत करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता गांधी नेपाल और बांग्लादेश से प्रेरणा ले रहे हैं, जहां बड़े पैमाने पर हुए आंदोलनो के कारण सत्ता परिवर्तन हुआ था।

शर्मा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी पराजित राजनेता का आदर्श बन गए हैं। चुनाव हारने के मामले में उन्होंने शतक लगा दिया है। हर बार हारने के बाद वह हताशा में ईवीएम और एसआईआर को लेकर शिकायत करने लगते हैं। उन्हें समझना चाहिए कि लोग धीरे-धीरे उन्हें नकार रहे हैं और वह भारत में कभी चुनाव नहीं जीत पाएंगे।’’

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वह राहुल गांधी को पैराशूट से बांग्लादेश में उतारने की व्यवस्था कर सकते हैं, जहां वह चुनाव लड़कर जीत हासिल कर सकते हैं।

शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी अयोध्या में राम मंदिर नहीं गए, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) और अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने का भी समर्थन नहीं किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या सनातन धर्म को मानने वाले लोग कभी उन्हें वोट देंगे?

असम के मुख्यमंत्री शर्मा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को चुनौती दी कि यदि उन्हें लगता है कि ‘‘वोट चोरी’’ हुई है तो उन्हें सांसद पद से इस्तीफा दे देना चाहिए, क्योंकि वे भी इसी चुनावी प्रक्रिया के जरिए निर्वाचित हुए हैं।

शर्मा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी लगातार वोट चोरी का आरोप लगाते रहते हैं। उन्हें यह समझ नहीं आता कि देश में इस समय दिल चोरी हो रहा है। मोदी जी लोगों का दिल जीत रहे हैं और उनका समर्थन हासिल कर रहे हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि एसआईआर प्रक्रिया के तहत ‘‘बाबर और औरंगजेब के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं।’’ उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया केवल मतदाता सूची से नाम हटाने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि ऐसे लोगों को देश से बाहर भी निकाला जाना चाहिए।

उनकी यह टिप्पणी परोक्ष तौर पर पड़ोसी देशों से कथित रूप से आए घुसपैठियों के संदर्भ में थी।

शर्मा ने कहा कि देश के लोगों ने राहुल गांधी के ‘पप्पू मॉडल’ के बजाय नरेन्द्र मोदी के ‘राम मॉडल’ को चुना है।

उन्होंने आरोप लगाया कि यदि राहुल गांधी के हाथ में सत्ता होती तो वह पूरे देश में बाबरी मस्जिदों का निर्माण कराते।

शर्मा ने कहा कि लोगों को अब सब कुछ समझ में आ गया है और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री मोदी से सीखना चाहिए, जिन्होंने राम मंदिर का निर्माण कराया।

असम के मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि कांग्रेस ने राम मंदिर का निर्माण कराया होता तो लोग उसे भी वोट देते।

उन्होंने 57 वर्षीय राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह युवाओं को अपने साथ जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन यह भूल रहे हैं कि अब वह युवा नहीं हैं और वरिष्ठ नागरिक बनने से महज तीन साल दूर हैं।

पदयात्रा के दौरान शर्मा ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘राहुल गांधी लगातार चुनाव हारने के बाद वोट चोरी के नारे लगाते रहते हैं। आज हम भारत से अराजकता खत्म करने के लिए पदयात्रा कर रहे हैं। लोग नरेन्द्र मोदी के साथ हैं।’’

उन्होंने कांग्रेस की ओर से हाल में आयोजित मॉक संसद पर भी निशाना साधा। शर्मा ने कहा, ‘‘आप जितनी चाहें मॉक संसद आयोजित कर लें। राहुल गांधी मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित मॉक संसद में प्रधानमंत्री बन सकते हैं, लेकिन भारतीय संसद में नरेन्द्र मोदी ही प्रधानमंत्री बने रहेंगे।’’

उन्होंने लोगों से राहुल गांधी के ‘‘झांसे’’ में नहीं आने और बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि सम्राट चौधरी राज्य के विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।

शर्मा ने कहा, ‘‘मैं लोगों से बिहार के सीमांचल क्षेत्र में हो रहे जनसांख्यिकीय बदलाव को समझने की भी अपील करता हूं। लोगों को मोदी जी के साथ खड़ा रहना चाहिए। राहुल गांधी हारते रहेंगे, भाजपा जीतती रहेगी और समाज में सुधार होता रहेगा।’’

इस कार्यक्रम में बिहार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा सहित राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई स्थानीय नेता भी मौजूद थे।

भाषा सं कैलाश

मनीषा अमित

अमित